अमेरिका से युद्ध के बीच ईरान के सेना प्रमुख मेजर जनरल अमीर हातामी ने गुरुवार को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि अगर दुश्मन जमीनी हमला करता है तो एक भी जिंदा बचकर नहीं जा सकेगा. हम अपने दुश्मनों का पीछा तब तक नहीं छोड़ेंगे, जब तक हम अपने तय किए गए लक्ष्यों को हासिल नहीं कर लेते. हातामी का यह बयान तब सामने आया है, जब पिछले कई दिनों से अमेरिका द्वारा ईरान में जमीनी हमले की आशंका जताई जा रही है. अमेरिकी सेना मिडिल ईस्ट में भी पहुंच चुकी है. ईरान अमेरिका और इजरायल को दुश्मन देश मानता आया है। इस बीच, ईरान ने दावा किया है कि उसने शिराज शहर के ऊपर उड़ रहे इजरायली हर्मेस 900 ड्रोन को मार गिराया है.
ईरान के शिराज से इजराइल की ओर मिसाइल दागी गई, जिसके चलते ईरान द्वारा दागी गई मिसाइलों के कारण मात्र एक घंटे में 500 से अधिक सायरन अलर्ट जारी किए गए.
ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, हातामी ने दो टूक कहा कि अगर जरूरत पड़ती है तो तेहरान अपनी सैन्य प्रतिक्रिया को और तेज करने के लिए पूरी तरह से तैयार भी है. उन्होंने कहा, ”अगर दुश्मन कोई जमीनी हमला करता है, तो उनमें से एक भी जान बचकर नहीं निकलनी चाहिए.” उन्होंने आगे कहा, “इस्लामी ईरान की रणनीति बिल्कुल साफ है. हमारे देश से युद्ध का साया हटना ही चाहिए, और सुरक्षा सभी के लिए सुनिश्चित होनी चाहिए. ऐसा बिल्कुल नहीं हो सकता कि कुछ जगहें तो सुरक्षित हों, लेकिन हमारे अपने लोग सुरक्षित न हों.”
ईरानी सेना प्रमुख ने यह भी कहा कि सेना दुश्मन की किसी भी आक्रामकता का मुकाबला करने के लिए आक्रामक और रक्षात्मक, दोनों ही क्षेत्रों में पूरी तरह तैयार है. यह जरूरी है कि दुश्मनों की हर हरकत और गतिविधि पर पल-पल, पूरी सावधानी और बारीकी से नजर रखी जाए, और दुश्मन के हमले के तरीकों का जवाब देने के लिए सही समय पर योजनाओं को अंजाम दिया जाए.” उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान की राजधानी तेहरान सहित देश के विभिन्न ठिकानों पर हमले किए थे, जिससे व्यापक क्षति हुई और अनेक नागरिक हताहत हुए थे. इसके जवाब में ईरान ने इजरायली क्षेत्र और पश्चिम एशिया में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए थे. ईरान के आसपास बढ़ते तनाव के कारण फारस की खाड़ी के देशों से वैश्विक बाजार में तेल और तरल प्राकृतिक गैस की सप्लाई के प्रमुख मार्ग, होर्मुज स्ट्रेट की वास्तविक नाकेबंदी हो गई है और इसने क्षेत्र में तेल एक्सपोर्ट एवं प्रोडक्शन के लेवल को भी प्रभावित किया है.
युद्ध खत्म करने पर ट्रंप ने क्या दिया संकेत: इससे पहले, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अमेरिका जल्द ही ईरान में अपने सैन्य अभियान को समाप्त कर सकता है. इसके लिए दो से तीन सप्ताह लग सकते हैं। व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि अमेरिकी बल बहुत जल्द ईरान से बाहर निकल जाएंगे और उन्होंने इसके लिए दो से तीन सप्ताह की समय सीमा का संकेत दिया. उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही अमेरिका ईरान से बाहर निकलेगा वैश्विक ईंधन कीमतों में गिरावट आ सकती है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “हम अपना काम पूरा कर रहे हैं. मुझे लगता है कि शायद दो सप्ताह के भीतर, या फिर उनका काम पूरा होने में कुछ दिन और लग सकते हैं, लेकिन हम उनके पास मौजूद हर एक चीज को नष्ट कर देना चाहते हैं. अब, यह संभव है कि हम उससे पहले ही कोई समझौता कर लें, क्योंकि हम पुलों पर प्रहार करेंगे.”













Leave a Reply