सनातन धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक महत्व है. यह पर्व हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाया जाता है. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण की पूजा के साथ गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर उसकी आराधना की जाती है.
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 32 मिनट पर शुरू होगी. वहीं, इसका समापन 10 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 1 मिनट पर होगा. उदया तिथि के आधार पर इस साल गोवर्धन पूजा 10 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाई जाएगी.
गोवर्धन पूजा के तीन शुभ मुहूर्त
➤प्रातःकाल पूजा मुहूर्त: सुबह 6:41 बजे से 8:51 बजे तक.
➤अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:27 बजे तक.
➤गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:31 बजे से 5:57 बजे तक.
इस विधि से करें पूजा
1-गोवर्धन पूजा के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें.
2-इसके बाद घर के आंगन या पूजा स्थल पर गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाएं.
3-इसे फूलों, रोली, अक्षत और दीपक से सजाएं। शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीकृष्ण और अपने इष्ट देव का ध्यान करते हुए पूजा करें.
4-इसके बाद धूप, दीप, फल, फूल, चंदन और नैवेद्य अर्पित करें.
5-इस दिन अन्नकूट, फल, मिठाई और घर में बने पकवानों का भोग लगाने की भी परंपरा है.
सात बार करें परिक्रमा: गोवर्धन पूजा के दौरान पर्वत की सात बार परिक्रमा करने का विधान है. इस दौरान हाथ में जल से भरा लोटा लेकर जौ बोते हुए परिक्रमा की जाती है. गोवर्धन पर्वत की आकृति की नाभि वाले स्थान पर दीपक रखकर उसमें दूध, दही, गंगाजल, शहद और बताशे आदि अर्पित किए जाते हैं. पूजा के बाद इसे प्रसाद के रूप में बांटा जाता है.
गायों की पूजा का भी विधान: इस दिन गाय और बैल जैसे पशुधन की पूजा करने की भी परंपरा है. गाय को तिलक लगाकर फूलों से सजाया जाता है. गाय को गुड़ और हरा चारा खिलाकर श्रीकृष्ण से परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है.
क्यों करते हैं गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा ? भगवान कृष्ण ने द्वापर युग में इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासियों को बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुलि पर उठा लिया था. 7 दिनों तक ब्रजवासियों को भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की छाव में रखा था. इसके बाद जब इंद्र देव का अंहंकार चूर-चूर हुआ तो उन्होंने भगवान कृष्ण से माफी मांगी. भगवान कृष्ण ने इसके बाद ब्रजवासियों को गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर पर्वत का आभार व्यक्त करने के लिए कहा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उसी समय से गोवर्धन परिक्रमा की परंपरा चली आ रही है. भगवान कृष्ण को गाय अतिप्रिय है इसलिए गोवर्धन पर्वत का निर्माण भक्त गाय के गोबर से ही करते हैं. सात परिक्रमाएं इसलिए की जाती हैं क्योंकि 7 दिनों तक ब्रजवासी गोवर्धन पर्वत की छांव में रहे थे. माना जाता है कि गोवर्धन पूजा के दिन गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने से 4 धामों की यात्रा जितना शुभ फल प्राप्त होता है.
















Leave a Reply