शिमला में विवादित मस्जिद को लेकर लोगों में एक बार फिर आक्रोश, सड़कों पर निकल पड़े हजारों हिंदू

Spread the love

हिमाचल की राजधानी शिमला की सड़कों पर इस समय आक्रोश नजर आ रहा है. हिन्दू धर्म के लोग संजौली उपनगर की मस्जिद के अवैध निर्माण को लेकर नाराज हैं. भारी मात्रा में लोग हिमाचल विधानसभा के बाहर और संजौली की सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं. इनकी मांग मस्जिद के अवैध ढाचें को तोड़ना है। साथ ही बाहरी राज्यों से आ रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों के खिलाफ भी विरोध जताया है. जिला प्रशासन की अनुमति के बगैर प्रदर्शनकारियों के जमा होने से संजौली शहर में जाम की स्थिति हो गई है. भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस को तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को टाला जा सके.

अगर मस्जिद नहीं गिराई गई तो तेज करेंगे आंदोलन

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बाहर से आ रहे विशेष समुदाय के लोगों की वजह से शहर की शांति भंग होने की आशंका बन गई है. एक प्रदर्शनकारी ने बताया कि प्रशासन को इस अवैध मस्जिद को गिराने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया जाता है. अगर मस्जिद नहीं गिराई तो आंदोलन तेज किया जाएगा. प्रदर्शनकारी ने कहा कि अवैध मस्जिद के खिलाफ नगर निगम आयुक्त के पास चल रहे मामले में जल्द सुनवाई कर निपटारा किया जाए. साथ ही बाहरी राज्यों से आ रहे लोगों पर नियंत्रण रखा जाए. इन लोगों को बिना वेरिफिकेशन के शिमला में एंट्री न मिले.

देवभूमि क्षेत्रीय संगठन ने आयोजित किया आंदोलन

देवभूमि क्षेत्रीय संगठन के बैनर तले हिन्दू समाज के लोग हिमाचल विधानसभा के बाहर चौड़ा मैदान में जमा हुए और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया. देवभूमि क्षेत्रीय संगठन के अध्यक्ष रुमित ठाकुर ने बताया कि संजौली में अवैध मस्जिद निर्माण को लेकर हिन्दू समाज में आक्रोश है और इसे देखते हुए सरकार इस मस्जिद के अवैध निर्माण को तुरंत तोड़ने के आदेश प्रशासन को दे. उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कई जगह सरकारी व वन विभाग की जमीनों पर अवैध रूप से मस्जिदों- मजारों का निर्माण हो रहा है. उन्होंने इनके दस्तावेजों की जांच व अवैध निर्माण की फंडिंग की जांच की मांग की. उन्होंने अवैध निर्माण को लेकर सख्त कानून बनाने की भी मांग की है.

मुख्यमंत्री ने धर्म, प्रदर्शन और तोड़फोड़ पर दिया बयान

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज आठवां दिन हैं. सदन के भीतर और बाहर संजौली में बनी मस्जिद को लेकर बवाल मचा हुआ है. इसे लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सभी धर्म के लोगों का सम्मान है. यहां सभी लोग कानून से बंधे हुए हैं। प्रदेश में प्रदर्शन के नाम पर किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आने वाला हर एक व्यक्ति और प्रदेश का नागरिक कानून से बंधा हुआ है. ऐसे में प्रदर्शन के नाम पर किसी को तोड़फोड़ में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. मामले पर शांतिप्रिय प्रदर्शन का सम्मान है लेकिन प्रदेश में कानून व्यवस्था को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *