प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने साधा भाजपा पर निशाना, बोलीं- ‘2027 में निपट जायेगी’

Spread the love

कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा- भाजपा के पास धर्म की राजनीति के अलावा कोई दूसरा आधार नहीं बचा है।

उन्होंने कहा- युवा रोजगार मांगते हैं तो उन्हें लाठियां मिलती हैं, प्रदेश में अपराध और महंगाई बढ़ रही है, लेकिन सरकार हर मुद्दे पर मौन है। उत्तर प्रदेश की जनता अब भाजपा की राजनीति को समझ चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।

बुधवार सुबह 10:30 बजे झांसी जाते समय आराधना मिश्रा का कानपुर में जाजमऊ गंगा पुल और नासिर अस्पताल के सामने दो स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। वह झांसी में मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने जा रही थीं।

भाजपा राम मंदिर की आस्था को ठेस पहुंचाने का काम कर रही: आराधना मिश्रा ने कहा- भाजपा पहले अयोध्या में राम मंदिर के नाम पर वोट मांगती रही, लेकिन अब उसी आस्था को ठेस पहुंचाने का काम कर रही है। भाजपा न तो प्रभु श्रीराम के चढ़ावे की रक्षा कर पाई और न ही श्रीकृष्ण के चढ़ावे की।

उन्होंने कहा- भाजपा धर्म के नाम पर वोट तो मांग लेती है, लेकिन जनता के वास्तविक मुद्दों पर जवाब देने से बचती है। प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, अपराध बढ़ रहे हैं और महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है।

उन्होंने आजम खान की रिहाई पर बधाई देते हुए कहा कि विपक्षी दलों के बीच लगातार सकारात्मक बातचीत चल रही है। गठबंधन की बैठकें सफल हो रही हैं और अलग-अलग राज्यों के नेता एक साथ बैठकर चुनावी रणनीति तैयार कर रहे हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर भी सकारात्मक बातचीत जारी है।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। भाजपा हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और 2027 में प्रदेश की जनता उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

इस दौरान नगर अध्यक्ष, ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला, मानेष दीक्षित, उत्कर्ष दीक्षित समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *