इटली में गुरुद्वारे के सामने चलीं गोलियां, दो भारतीयों की मौत; हमलावर की तलाश जारी

Spread the love

इटली से एक बेहद दुखद और हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है. यहां एक गुरुद्वारे के बाहर दो भारतीय की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. इस हमले के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय भारतीय समुदाय में डर का माहौल है.

क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों भारतीय व्यक्ति गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद बाहर निकल रहे थे. जैसे ही वे परिसर से बाहर आए, अज्ञात हमलावर ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. फायरिंग इतनी सटीक थी कि दोनों पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इटली के कोवो इलाके में यह घटना हुई है. बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई, जब ये दोनों बैसाखी उत्सव के दौरान पूजा-अर्चना के लिए इस्तेमाल होने वाले एक गोदाम से बाहर निकल रहे थे. ला सिसिलिया अखबार के अनुसार यह हमला शहर के औद्योगिक इलाके में स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के पास, आधी रात से कुछ मिनट पहले हुआ. इस हमले में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान 48 वर्षीय रगींदर सिंह और 48 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है.

ला सिसिलिया अखबार के रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर उन लोगों के पास पहुंचा, गोली चलाई और फिर कार में बैठकर फरार हो गया. घटनास्थल से लगभग दस खाली कारतूस बरामद किए गए हैं.

मीडिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया जा रहा है कि एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गोली चलाने वाला भी एक भारतीय था, जो अक्सर गुरुद्वारे में आता-जाता था. उसी प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, गोलियां एक तीसरे व्यक्ति को भी छूकर निकल गई. बता दें कि जिस इलाके में यह हादसा हुआ वहां शनिवार 18 अप्रैल को वैशाखी का आयोजन होना था, जिसको लेकर तैयारियां चल रही थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *