दो बार गलती कर दी, अब RJD के साथ नहीं जाएंगे; कयासों के बीच बोले CM नीतीश

Spread the love

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कहना है कि हमने दो बार आरजेडी के साथ जाकर गलती की थी. अब ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि हम अब कभी आरजेडी के साथ नहीं जा सकते. नीतीश कुमार का यह बयान अहम है क्योंकि पिछले दिनों उनकी आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात हुई थी. इसके बाद से ही कयास लग रहे थे कि बिहार की राजनीति में फिर से खेला हो सकता है. यह मुलाकात अचानक ही हुई थी और दोनों के बीच करीब आधे घंटे बात हुई थी. अब नीतीश कुमार ने इन कयासों को दूर करने की कोशिश की है. उन्होंने कहा कि एनडीए के साथ उनका स्वाभाविक गठबंधन है और अब यह हमेशा के लिए बना रहेगा.

आज ही भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना पहुंचे हैं और नीतीश कुमार से उनकी मुलाकात हुई है. नड्डा दो दिनों के बिहार दौरे पर हैं और शनिवार को वह दरभंगा में एक आयोजन में शामिल होने वाले हैं. जेपी नड्डा के सीधे पटना पहुंचने को लेकर भी इन कयासों को ही वजह बताया गया था क्योंकि पहले उनका कार्यक्रम दरभंगा जाने का ही था. इसलिए जेपी नड्डा जब सीधे पटना के लिए रवाना हुए तो कयास लग रहे थे कि क्या इसका नीतीश कुमार और तेजस्वी की मुलाकात से कनेक्शन है.

बता दें कि एनडीए सरकार की केंद्र में वापसी के बाद भी नीतीश कुमार ने पीएम नरेंद्र मोदी से कहा था कि हमसे गलती हुई थी, जो हम छोड़कर गए थे. उन्होंने कहा था कि हम अब साथ में ही काम करेंगे. बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2013 में नरेंद्र मोदी को भाजपा की ओर से पीएम उम्मीदवार बनाए जाने के बाद गठबंधन तोड़ दिया था. इसके बाद वह वापस लौटे और फिर दोबारा आरजेडी के साथ चले गए थे. इस तरह उनका पालाबदल दो बार आरजेडी के साथ हो चुका है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *