फतेहपुर में एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पलटी, ड्राइवर समेत तीन लोग घायल

Spread the love

रिजवान उददीन,फतेहपुर।
UP के फतेहपुर जिले में एक एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में चालक सहित तीन लोग घायल हो गए. घटना मलवां थाना क्षेत्र के एक ओवरब्रिज पर हुई, जहां एम्बुलेंस डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में जा गिरी.

जानकारी के अनुसार, यह एम्बुलेंस मुंबई से एक मरीज को छोड़कर कानपुर वापस जा रही थी. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही मलवां थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस में फंसे घायलों को बाहर निकाला. घायलों में एम्बुलेंस चालक करन शर्मा, आकाश शर्मा और रोहित ओझा शामिल हैं. सभी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों को मामूली और गंभीर चोटें आई हैं.

ड्राइविंग के कारण चालक को नींद आ गई: शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है. लंबे सफर और लगातार ड्राइविंग के कारण चालक को नींद आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एम्बुलेंस काफी तेज रफ्तार में थी. डिवाइडर से टकराने के बाद वह उछलकर दूसरी लेन में पलट गई. गनीमत रही कि उस समय दूसरी लेन में कोई बड़ा वाहन नहीं आ रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए ओवरब्रिज पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एम्बुलेंस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *