फतेहपुर में खंती में पलटा ट्रैक्टर, नीचे दबकर मालिक की मौत; चालक और किसान घायल

Spread the love

UP में फतेहपुर जिले के बहुआ कस्बे में बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर सड़क किनारे खंती में पलट गया. इस हादसे में ट्रैक्टर मालिक की दबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक और एक अन्य किसान बाल-बाल बच गए. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला. अस्पताल ले जाते समय ट्रैक्टर मालिक की रास्ते में मौत हो गई, जबकि चालक और किसान को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.

ललौली थाना क्षेत्र के बरौहा गांव निवासी सुरेश कुमार (51) पुत्र स्व. रामगोपाल बृहस्पतिवार भोर में ट्रैक्टर लेकर पड़ोसी चालक शत्रुघ्न सिंह यादव (42) और गांव के किसान रामरतन पाल (60) के साथ खेतों की जुताई करने गए थे. जुताई के बाद लौटते समय सुरेश खुद ट्रैक्टर चला रहे थे. बरौहा गांव के पास चकरोड से बहुआ-गाजीपुर मार्ग पर पहुंचते ही सामने से अचानक बाइक सवार आ गया. उसे बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गया.

हादसे में तीनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों और राहगीरों ने किसी तरह तीनों को बाहर निकाला और उपचार के लिए फतेहपुर ले जाने लगे. रास्ते में सुरेश ने दम तोड़ दिया.

हादसे की सूचना पर बहुआ चौकी प्रभारी सुमित तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सुरेश की मौत से पत्नी नीलम देवी, पुत्र श्रवण कुमार और चार बेटियों राजकुमारी, शिवकुमारी, अनामिका व प्राची का रो-रोकर बुरा हाल है. थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *