फतेहपुर के गाजीपुर क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात चोरी

Spread the love

रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर के गाजीपुर थाना क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात चोरी होने से इलाके में सनसनी फैल गई. अज्ञात चोर घर का मेन गेट तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी का लॉकर खंगालकर सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई.

मामला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी शाह क्षेत्र के कस्बा शाह जैतपुर रोड का है, जहां निवासी शेर अली अपने परिवार सहित किसी पारिवारिक कार्य से ससुराल गए हुए थे. घर बंद होने का फायदा उठाकर देर रात अज्ञात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए. चोरों ने पूरे घर को खंगालते हुए आलमारी का लॉक तोड़कर लॉकर में रखे लगभग 8 तोला सोने और करीब 1 किलो चांदी के जेवरात चोरी कर लिए. चोरी हुए सामान में हार, टीका, अंगूठी, मंगलसूत्र, कंगन, बिछिया समेत कई कीमती आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं.

पीड़ित फातिमा ने बताया कि सुबह पड़ोसियों ने घर का टूटा ताला देखकर हमें सूचना दी. मौके पर पहुंचे पीड़ित ने घर के अंदर सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए. सूचना पर चौकी प्रभारी आकाश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं पीआरवी 112 और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए. पीड़ित ने थाना गाजीपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *