राहुल मिश्रा, प्रयागराज।
प्रयागराज के यमुनापार इलाके में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. मेजा थाना क्षेत्र के बलुआ गांव के पास टोंस नदी में स्नान करने गए चार किशोर अचानक गहरे पानी में समा गए. हादसे में दो किशोर और एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे को स्थानीय मछुआरों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया. घटना के बाद इलाके में मातम और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
गहरे पानी में जाने से डूबे युवक: जानकारी के मुताबिक नैनी थाना क्षेत्र की अवंतिका कॉलोनी निवासी 12 वर्षीय शनि यादव, 12 वर्षीय आयुष, 12 वर्षीय पीयूष और 35 वर्षीय आदित्य श्रीवास्तव शनिवार शाम टोंस नदी में नहाने पहुंचे थे. नदी किनारे स्नान के दौरान अचानक शनि गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.
शनि को बचाने के लिए उसके साथी पीयूष और आयुष आगे बढ़े, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों भी पानी में फंस गए. तीनों बच्चों को डूबता देख आदित्य श्रीवास्तव ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी नदी की तेज धारा में बह गए.
मछुआरों ने बचाई एक मासूम की जान: घाट पर मौजूद लोगों ने जब युवकों को डूबते देखा तो शोर मच गया. चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद मछुआरे तुरंत नदी में कूद पड़े. काफी मशक्कत के बाद मछुआरों ने पीयूष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि शनि, आयुष और आदित्य को जब तक बाहर लाया गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं.
घटना की सूचना मिलते ही मेजा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. घायल पीयूष को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
परिवारों में पसरा मातम: हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए. बच्चों के शव देखकर परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ नदी किनारे स्नान करने वालों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन कई जगहों पर सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी बोर्ड नहीं होने से ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं.
















Leave a Reply