राहुल मिश्रा, प्रयागराज।
प्रयागराज में चार मंजिला बिट्ठल होटल में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई. होटल में 12 लोग फंस गए। दमकल कर्मियों ने सभी को बचा लिया. पुलिस जांच में सामने आया कि होटल से सटे ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट के बाद आग लग गई. इसी आग ने होटल में लगी लकड़ी को पकड़ लिया.
हवा के चलते आग तेजी से फैली. देखते ही देखते पूरे होटल में आग फैल गई और 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं. धुएं का गुबार 2 किमी दूर से दिखाई देने लगा. होटल कर्मियों की सूचना पर दमकल की 8 गाड़ियां पहुंचीं. हाइड्रोलिक मशीन मंगाई गई. एहतियात के तौर पर चार एंबुलेंस भी बुलाई गईं.
दमकल कर्मी हाइड्रोलिक मशीन पर चढ़कर अंदर पानी की बौछारें मारते रहे. आग बुझाने के दौरान CFO सतीश चंद्र का हाथ झुलस गया। इसके बाद मौके पर ही उनका इलाज किया गया. मामला शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस का है.
होटल में 20 से 25 कमरे हैं। घटना में दो बाइके और आधे से ज्यादा होटल जलकर राख हो गया. बिट्ठल होटल के मालिक आलोक परमार शहर के मम्फोर्डगंज में रहते हैं. गाजियाबाद के अरुण शर्मा होटल के 306 नंबर कमरे में रुके थे.
उन्होंने बताया-“पहले ब्लास्ट की आवाज आई. आवाज सुनकर हम नीचे गए तो देखा कि ट्रांसफार्मर में आग लगी थी। फिर आग ने होटल को चपेट में ले लिया. इसके बाद शोर मचाकर सभी को अलर्ट किया. हम लोगों ने भागकर जान बचाई.”
















Leave a Reply