राहुल मिश्रा, प्रयागराज।
प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के मेजारोड रेलवे स्टेशन के दक्षिण दिशा में स्थित सोरांव गांव के पास मंगलवार सुबह एक किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव प्लेटफार्म नंबर 4 के पास रेलवे चारदीवारी के समीप पड़ा मिला. भेड़-बकरियां चराने गए ग्रामीणों ने शव देखा तो हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई.
सूचना पर थाना प्रभारी मेजा दीनदयाल सिंह व मेजारोड चौकी प्रभारी हरिओम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल में जुटे रहे. परिजनों के आरोप पर एक व्यक्ति को मौके से उठाकर पूछताछ की जा रही है.
शव की शिनाख्त मेजा थाना क्षेत्र के मेजारोड पुलिस चौकी अंतर्गत पांती गांव निवासी समीर (पुत्र राजाराम) उर्फ बबलू के रूप में हुई. बताया गया कि समीर परिवार का इकलौता पुत्र था और उसकी दो बहनें हैं. परिजनों के अनुसार वह सोमवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकला था और रात लगभग 9 बजे से लापता था. मंगलवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना मिली.
मृतक के चेहरे पर रुमाल बंधा था और उसकी शर्ट भी फटी हुई थी, जिससे प्रथम दृष्टया मारपीट या छीना-झपटी की आशंका जताई जा रही है. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
थाना प्रभारी मेजा दीनदयाल सिंह ने बताया कि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है और एक व्यक्ति को तत्काल मौके पर पूछताछ के लिए उठाया गया है. घटना के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं.
















Leave a Reply