यूपी ‘तंदूर’ की तप रहा है. भीषण गर्मी के बीच अब जनजीवन भी अस्त व्यस्त होने लगा है. मौसम विशेषज्ञ दिन में बाहर निकलने पर सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं. आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है. दुनिया का सबसे गर्म शहर यूपी का बुंदेलखंड इलाका रहा है. बांदा इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ रहा है. पिछले 24 घंटे में बांदा का तापमान 48.2 डिग्री दर्ज किया गया. एक दिन पहले ही यहां तापमान 47 डिगी दर्ज किया गया था.
भारतीय मौसम विभाग ने बांदा में आने वाले 7 दिनों तक पारा 47 डिग्री रहने का अनुमान जताया है. पूरे हफ्ते हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है.
उधर, झांसी में 46.5 डिग्री, हमीरपुर में 46.2 डिग्री, प्रयागराज में 45.8 डिग्री और कानपुर में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। भीषण गर्मी और तेज लू (हीटवेव) के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ेगी. ज्यादातर जिले लू की चपेट में रहेंगे. 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी. दिन का तापमान 44 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

कोबरा ठंडी बोतल से चिपका: काशी-मथुरा के मंदिरों और जू में खास इंतजाम कानपुर चिड़ियाघर में गर्मी और लू से जानवरों को बचाने के लिए खास इंतजाम किए गए. कोबरा सांप के बाड़े में बर्फ से भरी बोतल रखी गई है. वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन मार्ग पर जगह-जगह मटकों में ठंडे पानी की व्यवस्था की गई. मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से दोपहर के समय आने से बचने की सलाह दी है.
ताजमहल देखने वालों की संख्या घटी: वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर में चबूतरे पर बिछी मैट को ठंडा रखने के लिए कर्मचारी पानी का छिड़काव करते नजर आए. आगरा में ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों की संख्या भी काफी कम दिखी. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि इसके बाद ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा.
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- “प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। 23 मई तक भीषण गर्मी पड़ेगी. अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ेगा. लू चलेगी। तापमान में 3 से 4°C तक की बढ़ोतरी हो सकती है.”
मानसून केरल में 26 मई के आसपास पहुंच सकता है. इससे अनुमान लगाया जा रहा कि 18 जून को मानसून गोरखपुर के रास्ते यूपी में प्रवेश करेगा. हालांकि, यह एक संभावित तिथि है.
















Leave a Reply