हमीरपुर में अधिवक्ताओं ने भी की NH-34 को 6 लेन और डिवाइडर की मांग, सौंपा ज्ञापन

Spread the love

इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर में नेशनल हाईवे-34 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों और बढ़ती मौतों के विरोध में अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया. उन्होंने हाईवे को छह लेन करने और बीच में डिवाइडर बनाने की मांग की। अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया.

कानपुर को सागर (मध्य प्रदेश) से जोड़ने वाला यह नेशनल हाईवे-34 अब ‘खूनी हाईवे’ के नाम से जाना जाने लगा है। पिछले पांच वर्षों में इस हाईवे पर 500 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. वर्ष 2026 में अब तक 100 से ज्यादा सड़क हादसे हुए हैं, जिनमें 61 लोगों की मौत हुई और लगभग 100 लोग घायल हुए हैं. हाल ही में श्रद्धालुओं से भरी एक वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी.

इसके अगले ही दिन एक दुग्ध वैन भी हादसे का शिकार हुई, जिसमें चालक की जान चली गई. लगातार हो रहे इन हादसों से जिले के लोगों में भारी आक्रोश है.

जिला अधिवक्ता संघ के महामंत्री अश्वनी प्रजापति ने बताया कि नेशनल हाईवे-34 वर्तमान में दो लेन का है, जिसे छह लेन किए जाने और बीच में डिवाइडर बनाए जाने की सख्त आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि इसी मांग को लेकर अधिवक्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। हालांकि, जिलाधिकारी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में व्यस्त होने के कारण अधिवक्ताओं को अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपना पड़ा.

अधिवक्ता दीपक चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि जिलाधिकारी ने डेढ़ घंटे तक इंतजार कराने के बावजूद मुलाकात नहीं की और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का बहाना बनाया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *