फ़िरोज़ाबाद में डेढ़ साल के मासूम को आठ बार जमीन पर पटककर मार डाला, हैवानियत CCTV में कैद

Spread the love

UP के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक डेढ़ साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हैरानी की बात यह है कि जिस शख्स पर बच्चे की सुरक्षा का भरोसा था, उसी ने उसे मौत के घाट उतार दिया. पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

घटना शनिवार दोपहर करीब दो बजे यादव कॉलोनी की है. जानकारी के अनुसार, अरांव क्षेत्र के बामई गांव निवासी रति अपने डेढ़ वर्षीय बेटे आरव और मां पिंकी के साथ अपनी सहेली के घर आई थीं. इसी दौरान परिवार का रिश्तेदार विराज भी वहां पहुंचा. उसने मासूम आरव को टॉफी और चॉकलेट दिलाने का बहाना बनाया और गोद में उठाकर घर से बाहर ले गया.

CCTV में बच्चे को 8 बार जमीन पर पटका: सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कुछ दूरी पर सुनसान गली में पहुंचने के बाद आरोपी ने मासूम को कपड़ों से पकड़ लिया और उसे बार-बार जमीन पर पटकना शुरू कर दिया. बताया जा रहा है कि उसने बच्चे को आठ बार जमीन पर पटका. इस निर्मम हमले में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई.

बच्चे के शव को फेंककर आरोपी फरार: हैवानियत की सारी सीमाएं पार करने के बाद आरोपी बच्चे के शव को उठाकर वापस गली के पास छोड़ गया और मौके से फरार हो गया. जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो पूरे इलाके में कोहराम मच गया. मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

बच्चे की मां से शादी का दबाव बना रहा था आरोपी: प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विराज, रति पर शादी का दबाव बना रहा था. बताया जा रहा है कि रति अपने वैवाहिक विवाद के चलते कुछ समय से मायके में रह रही थी. पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल इस जघन्य वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *