दिल्ली से सटी गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में ईद के मौके पर दोस्त सूर्या चौहान को बुलाकर बेरहमी से उसका मर्डर करने वाला असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया है. उसे गाजियाबाद पुलिस ने इंदिरापुरम के अभयखंड में हुए एनकाउंटर में शनिवार रात ढेर कर दिया. इस एनकाउंटर में एक सिपाही भी घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया था.
मर्डर के बाद से फरार चल रहा था असद: जानकारी के मुताबिक, खोड़ा कॉलोनी में रहने वाला असद, सूर्या चौहान के मर्डर के बाद से फरार चल रहा था. पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी थी. उसका सुराग न मिलने पर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया. रविवार तड़के पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि आरोपी असद अपने कुछ साथियों से पैसे लेने के लिए खोड़ा कॉलोनी आने वाला है. इसके बाद वह दूर भागने की फिराक में था.
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि यह टिप मिलते ही गाजियाबाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. इंदिरापुर और खोड़ा थाने की पुलिस को अलर्ट कर टीमों को उसकी तलाश में लगा दिया गया. खोड़ा में आने के सभी प्रवेश बिंदुओं पर बैरिकेडिंग करके गाड़ियों की तलाशी शुरू कर दी गई.
रविवार तड़के ढेर हो गया चाकूबाज हत्यारा: डीसीपी के मुताबिक, रविवार तड़के इंदिरापुरम के अभयखंड में चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकल खोड़ा की ओर आती दिखाई दी. उस पर दो युवक बैठे हुए थे. पुलिस ने जब बाइक को रोकने की कोशिश की तो वे भागने लगे. जबरदस्ती रोकने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की. जिसमें एक आरोपी को गोली लगी और वह गिर गया. जबकि दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. पुलिस घायल युवक को अस्पताल लेकर गई तो वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. उसकी पहचान सूर्या चौहान मर्डर के मुख्य आरोपी असद के रूप में हुई है.
उन्होंने बताया कि इस एनकाउंटर में अवैध असलहा और एक बाइक भी बरामद हुई है. घटना में पुलिस का एक सिपाही भी घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. डॉक्टर उसका ट्रीटमेंट कर रहे हैं. सूर्या चौहान मर्डर मामले में असद के एनकाउंटर के अलावा पुलिस 3 अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. बाकी आरोपियों की धर-पकड़ के लिए भी दबिश दी जा रही है. जल्द ही सभी आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा.
बकरे की तरह गोदकर किया था सूर्या का मर्डर: बताते चलें कि बकरीद वाले दिन 28 मई को खोड़ा कॉलोनी में रहने वाले आरोपी असद ने 11वीं क्लास में पढ़ने वाले दोस्त सूर्या चौहान को दावत के लिए बुलाया था. पीड़ित परिवार के मुताबिक, वहां पर असद अपने 6 दोस्तों के साथ मौजूद था. उसने सूर्या से कहा कि क्या ईद पर किसी बकरे को हलाल होते हुए देखा है. जब सूर्या ने इनकार किया तो आरोपी असद ने कहा कि चलो आज दिखाता हूं.
जब सूर्या ने साथ जाने से इनकार कर दिया तो इस बात पर दोनों में बहस हो गई. तभी पहले से तैयार असद ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए. किसी तरह आरोपियों को धक्का देकर सूर्या वहां से भागा लेकिन चाकू उसके पेट में धंसा रह गया था. आरोपियों ने दौड़ाकर उसे फिर पकड़ लिया और उसके पेट से चाकू बाहर निकालकर फिर लगातार कई वार किए. जिससे कुछ ही देर में उसकी जान चली गई. इसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए थे. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने हत्या में शामिल सभी आरोपियों का एनकाउंटर करने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी. साथ ही, इस हत्याकांड के विरोध में सोशल मीडिया पर भी लगातार आक्रोश जताया जा रहा था.















Leave a Reply