कानपुर में फ्री की आइसक्रीम-गोलगप्पे खाने वाला सिपाही निलंबित, दुकानदारों ने की थी शिकायत

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में पीआरवी 9303 पर तैनात एक सिपाही को फ्री में आइसक्रीम और गोलगप्पे खाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर शिकायत सामने आने के बाद हुई प्राथमिक जांच में सिपाही सुरेश कुमार प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया. मामले की विस्तृत जांच एसीपी घाटमपुर को सौंपी गई है.

सोशल मीडिया शिकायत के बाद हुई कार्रवाई: उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश वर्मा ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिकायत करते हुए पीआरवी 9303 में तैनात पुलिसकर्मियों पर दुकानदारों से फ्री में आइसक्रीम और गोलगप्पे लेने का आरोप लगाया था. शिकायत वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच कराई.

जांच में संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए. इसके बाद पुलिस उपायुक्त मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से सिपाही को निलंबित कर दिया.

एसीपी घाटमपुर करेंगे विस्तृत जांच: पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन विभागीय जांच अब घाटमपुर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को सौंपी गई है. जांच के दौरान संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस विभाग ने दिखाई सख्ती: पुलिस विभाग का कहना है कि पुलिस की छवि को प्रभावित करने वाले मामलों में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी.

एसीपी बोले- आरोप सही मिलने पर किया गया निलंबित: सहायक पुलिस आयुक्त कलक्टरगंज/डायल-112 आनंद कुमार ओझा ने बताया कि मामला सोशल मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आया था. प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सिपाही सुरेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि विभागीय जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *