पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर की गोविंद नगर कच्ची बस्ती में नाले के ऊपर अवैध कब्जों की शिकायत पर पहुंची नगर निगम की टीम को क्षेत्रीय लोगों का विरोध झेलना पड़ गया. लोगों ने हंगामा करते हुए शिकायतकर्ता आरटीआई एक्टिविस्ट के साथ हाथापाई करके उसे नाले में धक्का दे दिया. इस पर नगर निगम टीम में शामिल सुरक्षा कर्मियों ने लाठीचार्ज कर दिया. हंगामा कर रहे लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर बेरहमी से पीटा फिर बुलडोजर से अतिक्रमण ढहा दिया गया..
आरटीआई एक्टिविस्ट की शिकायत पर पहुंची थी टीम: कच्ची बस्ती, गोविंद नगर में रहने वाले राम लखन जायसवाल आरटीआई एक्टिविस्ट हैं. राम लखन ने नगर निगम से नाले और उसके आसपास अवैध अतिक्रमण की शिकायत की थी, जिसके बाद मंगलवार दोपहर करीब एक बजे नगर निगम की टीम कच्ची बस्ती पहुंची. इस पर टीम को देख क्षेत्रीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया.
इसी बीच हंगामा कर रहे लोगों को जानकारी हुई कि शिकायत बस्ती में रहने वाले राम लखन जायसवाल ने की है. इस पर विरोध कर रहे लोग भड़क गए और टीम के साथ खड़े रामलखन जायसवाल के साथ कुछ लोगों ने हाथापाई शुरू कर दी. इतना ही आरोपियों ने उसे खुले नाले में धक्का दे दिए. रामलखन नाले से बाहर आ गए, लेकिन यह देख टीम के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हंगामा करने वालों को बाल नोंचकर तमाचे जड़े और लाठीचार्ज कर दिया.
हंगामे के बाद ढहाया गया अतिक्रमण: लाठीचार्ज के बाद बस्ती में भगदड़ मच गई. इसके बाद नगर निगम टीम ने बुलडोजर से नाले के ऊपर और आसपास बने अवैध कब्जों को ढहा दिया. गोविंद नगर थानाप्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि बिना सूचना दिए ही नगर निगम की टीम कब्जे गिराने पहुंची थी. हंगामे की भी कोई जानकारी नहीं दी है. नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है.
















Leave a Reply