कानपुर में 18Kg चांदी चोरी करने वाले बाप-बेटा अरेस्ट, 4 लाख कर्ज की अदायगी के लिए की चोरी

Spread the love

कानपुर के चकेरी में सराफा कारोबारी के कारखाने से 18 किलो चांदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने अमेठी के मोहनगंज निवासी पिता–पुत्र को अरेस्ट किया है. पूछताछ में 6वीं पास आरोपी ने बताया कि उसकी दादी कैंसर की बीमारी से ग्रसित थीं, जिनके इलाज के लिए उसने करीब 4 लाख का प्राइवेट लोन ले रखा था. लोन ना चुका पाने के कारण ब्याज बढ़ता जा रहा था. जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया.

कारखाने से 18 किलो चांदी चोरी करने के बाद आरोपी ने अपने पिता को जानकारी दी थी. पिता ने चोरी की चांदी बेचने के लिए एक एजेंट से संपर्क किया था, जिसने रायबरेली के बड़े कारोबारी के यहां चांदी बिकवाने की बात तय की थी. मामले में फरार एजेंट की पुलिस तलाश में है.

घटना का खुलासा करते डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता.

सोमवार तड़के 18 किलो चांदी चोरी की गई थी: चकेरी के पोखरपुर में नौबस्ता निवासी सराफा नितिन तूपे का चांदी गलाने का कारखाना है. सोमवार की तड़के सुबह करीब तीन बजे एक चोर पड़ोसी की दीवार से होकर उनके कारखाने की छत पर पहुंचा और जाल की टूटी सरिया में रस्सी बांधकर नीचे उतरा. इसके बाद नौ मिनट में कारखाने में रखा 18 किलो चांदी (पाउडर फॉर्म में) का लड्डू लेकर भाग निकला था.

चोरी हुई चांदी की कीमत करीब 47 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस की जांच में वह सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिया था जिसके बाद 350 सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए पुलिस चोर तक पहुंच गई. डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, एडीसीपी शिवा सिंह ने बुधवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मामले में दो आरोपियों मोहनगंज निवासी विकास यादव व उसके पिता बसंत लाल को अरेस्ट किया गया है

आरोपियों के पास से बरामद चांदी..

6 माह पहले कारखाने में काम करने आया था विकास: विकास 6वीं पास है, वह मजदूरी करता था। डीसीपी ने बताया कि 6 माह पहले विकास सराफ नितिन तूपे के कारखाने में काम करने आया था. विकास का एक भाई नितिन तूपे के कारखाने के पड़ोस में स्थित गुड्‌डू बाबू की दालमिल में काम करता था, जिस पर विकास का वहां आना–जाना था. काम करने के दौरान विकास को कारखाने में चांदी रखे होने की जानकारी मिल गई थी.

जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया था. विकास ने चोरी का माल अपनी बुआ के घर में छिपाया था. इसके बाद अपने पिता बसंत लाल को घटना की जानकारी दी. बसंत लाल ने अमेठी, शंकरगंज बाजा निवासी शिवलाल सोनी से चांदी बेंचने की बात की जिस पर उसने रायबरेली में कारोबारी के यहां चांदी बिकवाने का आश्वासन दिया था. इसके बाद विकास बीमार दादी को लेकर गांव चला गया था.

रामादेवी फ्लाईओवर से किया गया अरेस्ट: डीसीपी ने बताया कि बुधवार को विकास और बसंत लाल कानपुर आए और चोरी का माल बेचने के लिए रायबरेली जा रहे थे तभी रामादेवी रैंप से लखनऊ जाने वाले फ्लाईओर से दोनों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान विकास ने बताया कि दादी कैंसर की बीमारी से ग्रसित है, जिनका इलाज गांव के पास ही स्थित कस्बा शंकरगंज बाजार स्थित हास्पिटल से चल रहा था. बीमारी के कारण उस पर चार लाख का कर्ज हो गया था, जिसका वह ब्याज दे रहा था.

कर्ज के चलते उसने अपनी खेती भी गिरवी रख दी थी. आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह अपनी दादी को चकेरी निवासी अपनी बुआ के घर पर रखकर इलाज करा रही थी, जहां उनकी देखरेख विकास की चाची करा रही थीं, जो आए दिन विकास को कर्ज का ताना दिया करती थी.

नितिन ने वाट्सएप ग्रुप में डाली थी चोरी की जानकारी: डीसीपी पूर्वी ने बताया कि नितिन ने घटना की जानकारी सराफा कारोबारियों के वाट्सएप ग्रुप में डाली थी जिसमें उसने बताया था कि दुकान से 18 किलो चांदी (पाउडर फॉर्म में) चोरी हुई है. अगर किसी कारोबारी के यहां कोई चांदी बेचने के लिए संपर्क करे तो जानकारी दें. मैसेज के बाद जब शिवलाल सोनी ने रायबरेली के कारोबारी से चांदी बेचने के लिए संपर्क किया तो उन्होंने नितिन को पूरी जानकारी दी। जिसपर पुलिस एक्टिव हो गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *