संतकबीर नगर में घर के बाहर बैठे परिवार को ट्रक ने रौंदा, पति-पत्नी समेत चार की मौत

Spread the love

UP में गोरखपुर से सटे संतकबीनगर में सोमवार की सुबह भीषण हादसा हो गया. घर के बाहर बैठे परिवार को अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया. हादसे में पति-पत्नी समेत परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई. मरने वालों में दो अन्य दंपति के नाती हैं. ट्रक भी आगे जाकर गड्ढे में उतर गया. ड्राइवर की झपकी को हादसे का कारण माना जा रहा है. घटना नेशनल हाईवे पर खलीलाबाद के कुर्थिया चौराहे पर हुई. स्थानीय पुलिस के साथ ही आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं.

खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कुर्थिया चौराहे पर सोमवार की सुबह हाइवे से सटे मकान के सामने लालजी (62) पुत्र गनपत अपनी पत्नी ज्ञानमती (60) के साथ घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे. उनके साथ नाती आदर्श (12) पुत्र अनिल कुमार और सत्यम (6) पुत्र राजेश कुमार भी बैठे थे. सुबह करीब आठ बजे खलीलाबाद से बस्ती की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक को झपकी आ गई. इससे ट्रक सड़क से नीचे उतरकर घर के बाहर बैठे दंपति और दोनों बच्चों को रौंद दिया.

ट्रक के नीचे फंस गए शव, अधिकारियों ने निकलवाया: अचानक हुई घटना से अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई. सभी को कुचलते हुए ट्रक आगे गड्ढे में उतर गया. लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. ट्रक के नीचे फंसे शवों को निकलवाया गया. पुलिस के पहुंचने तक चारों की मौत हो चुकी थी. कुछ देर में ही एडीशनल एसपी, सीओ, कोतवाल, ट्रैफिक इंस्पेक्टर भी पहुंचे. मौके के हालत की जानकारी ली. सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. ट्रक ड्राइवर मौके पर फरार बताया जा रहा है. ट्रक के नंबर के आधार पर उसके मालिक और ड्राइवर का पता लगाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *