कानपुर नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक के दौरान महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के बीच हुए विवाद के बाद माहौल गरमा गया है। बैठक में वकीलों की मौजूदगी से नाराज होकर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के वॉकआउट करने के बाद पार्षदों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी. अब इस मामले को लेकर गुरुवार को बीजेपी पार्षद दल के नेता ने पार्षदों की बैठक बुलाई है. बैठक को देखते हुए नगर निगम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
पार्षद दल के नेता नवीन पंडित के नेतृत्व में करीब 30 पार्षदों ने बैठक की. इस दौरान नवीन पंडित ने कहा कि लखनऊ तक पैदल मार्च निकालेंगे. नगर निगम परिसर में डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात की गई है. सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ा दी गई है. विवाद के बाद बुलाई गई इस बैठक को लेकर नगर निगम में हलचल तेज है.

नगर आयुक्त और महापौर आमने-सामने: बता दें कि बुधवार को कार्यकारिणी की बैठक में महापौर की ओर से अधिवक्ता मोहम्मद जावेद और ऋषभ अवस्थी को भी बुलाया गया था। महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर आयुक्त से पुरानी कार्यवृत्ति पर सवाल पूछा तो नगर आयुक्त ने कहा कि बाहरी लोगों के सामने कोई जवाब नहीं दिया जाएगा. नगर आयुक्त ने आपत्ति जताते हुए अधिवक्ताओं के बाहर जाने तक बैठक शुरू नहीं करने की बात कही. दोनों अधिवक्ताओं के बाहर नहीं जाने पर नगर आयुक्त बैठक छोड़कर चले गए। इसके बाद अन्य अधिकारी भी उनके साथ निकल गए थे.

इसके बाद पार्षदों ने विरोध जताते हुए नारेबाजी की थी. अब बीजेपी पार्षद दल की बैठक में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पार्षदों के रुख और आगे की रणनीति पर चर्चा होनी है.
















Leave a Reply