लखनऊ ट्रिपल मर्डर का लाइव वीडियो सामने आया है. इसमें हत्यारोपी ऋषभ तीनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाते दिखाई दे रहा है. इस दौरान परिजन चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन आरोपी बेखौफ होकर गोलियां चलाता रहा. वीडियो में ऋषभ ने पहले शंभू, फिर शिवा तिवारी और उसके बाद उनके बेटे सुयश को गोली मारी. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गयी थी.
वहीं, आरोपी को पुलिस द्वारा दबोचे जाने का दूसरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है. पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था. ट्रिपल मर्डर के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है. घटना सआदतगंज के ब्राह्मण टोला में 24 अक्टूबर की सुबह हुई. पुलिस ने आरोपी ऋषभ शुक्ला को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने परिजनों से की थी मुलाकात: पोस्टमॉर्टम के बाद पिता-बेटे और भाई का शव घर पहुंचते ही लोगों ने सड़क जाम कर दी. इस बीच डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह भी मृतकों के घर पहुंचे. उन्हें देखते ही लोगों ने ‘बुलडोजर शासन सो गया’ जैसे नारे लगाए लेकिन, डिप्टी सीएम चुपचाप हाथ जोड़ते हुए घर के अंदर परिवार से मिलने चले गए.
इसके बाद डिप्टी सीएम ने ऐलान किया कि शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु की पत्नी रुचि तिवारी को सरकारी नौकरी दी जाएगी. बेटी की पढ़ाई आजीवन फ्री होगी. परिवार को सुरक्षा मिलेगी. आरोपियों पर रासुका (NSA) के तहत कार्रवाई होगी.
डिप्टी सीएम ने भी अर्थी को कंधा दिया: डिप्टी सीएम के आश्वासन के बाद घरवाले तीनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने को तैयार हुए. डिप्टी सीएम ने भी अर्थी को कंधा दिया और चिता पर लकड़ी लगाई. पोस्टमॉर्टम के करीब 5 घंटे बाद तीनों शवों का गुलाला घाट पर अंतिम संस्कार किया गया.
छह घंटे में आरोपी के घर की बाउंड्री गिरायी: डिप्टी सीएम के आश्वासन के करीब छह घंटे बाद रात 10 बजे लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के बुलडोजर से आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर की बाउंड्री गिरा दी गई. इससे पहले शाम को LDA अधिकारियों ने घर को सील कर दिया था. आरोपी के चाचा गिरीश समेत परिवार के अन्य लोगों के घरों से सामान बाहर निकाला गया.
वहीं, पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने मंगलवार को सआदतगंज थाने के इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य और चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को सस्पेंड कर दिया था.
कार पार्किंग और चबूतरे के विवाद में 3 लोगों की हत्या हुई थी: सआदतगंज के ब्राह्मण टोला में सोमवार सुबह कार पार्किंग और चबूतरे को लेकर ऋषभ शुक्ला (30) ने 3 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी. मृतक शिवाजी तिवारी (62) सचिवालय के रिटायर्ड कर्मचारी थे. RSS के जिला सर कार्यवाह भी रहे थे.
शिवाजी के भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु लखनऊ यूनिवर्सिटी में काम करते थे. शिवाजी का बेटा सुयश (30) का बिजली के सामान का कारोबार था. 5 दिसंबर को उसकी शादी होनी थी। आरोपी ऋषभ मर्चेंट नेवी में नेविगेशन अफसर था.
















Leave a Reply