यूपी सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह को अपनी ही विधानसभा में भारी विरोध का सामना करना पड़ा. वह बाढ़ प्रभावित इलाके में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से मिलने के लिए काफिला लेकर पहुंचे थे.
मंत्री का काफिला जैसे ही गांव के अंदर दाखिल हुआ, सैकड़ों ग्रामीणों ने उनकी कार घेर ली. दयाशंकर सिंह मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे. अचानक विरोध देखकर मंत्री को कुछ समझ नहीं आया. वह काफी देर तक गाड़ी में ही बैठे रहे। इस दौरान उनकी सुरक्षा में लगे पुलिसवाले ग्रामीणों को हाथ जोड़कर मनाने में लगे रहे. जैसे-तैसे पुलिस ने भीड़ को शांत कराया. इसके बाद दयाशंकर गाड़ी से उतर पाए.
मामला बलिया की सदर विधानसभा के बैरिया क्षेत्र के ब्यासी गांव का रविवार दोपहर का है. यहां गंगा नदी में उफान की वजह से खेत की जमीन का कटान हो चुका है. इसे लेकर ग्रामीण 6 दिनों से गांव के ही एक मंदिर पर धरना प्रदर्शन कर रहे थे.
इसका जो वीडियो सामने आए हैं, उसमें नजर आ रहा है कि दयाशंकर गाड़ी में बैठे हैं. 200 से ज्यादा लोगों की भीड़ बाहर मुर्दाबाद के नारे लगा रही है जबकि पुलिसकर्मी उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश कर रहे ग्रामीणों को हटा रही है. इसके बाद जैसे-तैसे दयाशंकर गाड़ी से उतरे. महिलाएं चिल्लाने लगी कि आश्वासन नहीं चाहिए. लिखित में दीजिए. इसके बाद मंत्री के साथ चल रहे लोगों ने ग्रामीणों को समझाया कि शोर मत कीजिए. जो कहना है एक-एक करके कहिए.
मंत्री के मौखिक आश्वासन पर ग्रामीण भड़के: भारी विरोध के बीच मंत्री दयाशंकर गाड़ी से उतरे। प्रदर्शन कर रहे लोगों से मुलाकात की. उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या को हल किया जाएगा. हालांकि, जब वह चलने लगे तो ग्रामीण फिर भड़क गए. ग्रामीण चिल्लाने लगे कि मौखिक नहीं, लिखित में वादा करिए.
करीब 20 मिनट तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा. महिलाओं का कहना था कि हर साल गंगा उनकी जमीन निगल रही है और कई परिवार अपना सबकुछ छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं. इस दौरान ज्यादातर वक्त दयाशंकर चुप रहे. उन्होंने कहा कि वक्त दीजिए। सभी का काम होगा.
आखिर इतना गुस्से में क्यों आए ग्रामीण? दरअसल, बलिया में करीब 10 दिन से गंगा और सरयू नदी के किनारों पर कटान हो रहा है. शिवपुर दीयर नंबरी समेत कई गांव में मकान, एक प्राइमरी स्कूल नदी में समा चुके हैं. ग्रामीणों का दावा है कि 50 से ज्यादा बीघा फसल डूब चुकी है. बड़ी संख्या में लोगों को घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इसी वजह से लोग गुस्से में हैं.
ग्रामीणों ने मंत्री से कहा- कटान पर चलिए: दयाशंकर जब प्रदर्शन कर रहे लोगों से मिलकर जाने लगे तो ग्रामीणों ने उनसे कहा कि कटान की ओर चलिए. हालांकि, मंत्री अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से निकल गए। ग्रामीणों का कहना है कि कटान रोकने के लिए स्थायी इंतजाम किया जाए.
















Leave a Reply