हमीरपुर में महिला ने पति से फोन पर बात कर लगायी पेट्रोल डालकर आग, मौत

Spread the love

हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के पतयोरा गांव में सोमवार शाम 35 वर्षीय महिला की आग से झुलसकर मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच की जा रही है.

पतयोरा गांव निवासी रमाकांत निषाद की पत्नी रेनू निषाद (35) ने सोमवार शाम करीब चार बजे अपने पति से फोन पर बातचीत की थी. इसके कुछ देर बाद उन्होंने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. आग लगने से उनकी घर के अंदर ही मौत हो गई.

मुंबई में मजदूरी करता है पति: मृतका के ससुर कामता निषाद ने बताया कि उनके तीनों बेटों की शादी हो चुकी है और सभी अलग-अलग रहते हैं. मंझला बेटा रमाकांत मुंबई में मजदूरी करता है. रेनू गांव में अपनी आठ वर्षीय बेटी सानवी और पांच वर्षीय बेटे आकाश के साथ रहती थीं. घटना की सूचना मिलने के बाद रमाकांत मुंबई से घर के लिए रवाना हो गया है.

पुलिस ने शुरू की जांच: थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि सोमवार शाम करीब चार बजे महिला के आग लगाने की सूचना मिली थी. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया गया. मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *