पटना में युवक की मौत पर बवाल, भीड़ ने कई गाड़ियां फूंकी; पत्रकारों पर भी जानलेवा हमला

Spread the love

बिहार की राजधानी पटना में एक युवक की मौत के बाद सड़क पर संग्राम हो गया. बेकाबू बस से कुचलकर युवक की मौत हो गई. उसके बाद उग्र भीड़ ने उत्पात मचा दिया. उस बस को आग के हवाले कर दिया गया जिससे युवक को ठोकर लगी थी. इस दौरान उन्मादी भीड़ ने तीन जीप को भी आग के हवाले कर दिया. कई बाइक को जलाकर राख कर दिया गया. इतना ही नहीं भीड़ में शामिल उपद्रवियों ने पुलिस को खदेड़ दिया और कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों पर हमला कर दिया. एक चैनल के पत्रकार की माइक आईडी छीन ली गई. कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई है. घटना अगमकुआं थाना इलाके के पटना सिटी की है. उपद्रवियों के डर से पुलिस कर्मी अपना पोस्ट छोड़कर जान बचाने के लिए भाग चले.

बताया जाता है कि शुक्रवार को पटना सिटी इलाके में नेशनल हाईवे पर पहाड़ी के समीप एक अनियंत्रित बस ने एक युवक को ठोकर मार दिया. तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजन मौके पर पहुंच गए. बस ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गया. उसमें बैठे पैसेंजर भी बाहर निकल गए. हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक मनीष की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. गुस्साए लोगों ने बस को घेर लिया और उसमें आग लगा दी.

देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी. आग बुझाने के लिए दमकल की टीम आई जिन्हें उपद्रवियों ने खदेड़ दिया. दमकल कर्मी वहां से बिना आग बुझाए ही भाग चले. स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों के विरोध के कारण भागना पड़ा. आक्रोशित भीड़ ने पुलिस को खदेड़ दिया. घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हो गया..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *