IND vs PAK Match: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बुधवार को हॉकी विश्व कप के अपने आखिरी ग्रुप डी मुकाबले में पाकिस्तान को 5-3 से हराया. इस जीत के साथ भारत ने इंग्लैंड के साथ टॉप-2 में जगह बनाई और अगले चरण के लिए क्वालीफाई कर लिया है. भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह (चौथे और 21वें मिनट) और अभिषेक (11वें और 24वें मिनट) ने दो दो गोल जबकि हार्दिक सिंह ने 35वें मिनट में एक गोल किया. पाकिस्तान के लिए हन्नान शाहिद (22वें और 46वें मिनट) ने दो गोल और सूफयान खान ने 24वें मिनट में एक गोल किया.
भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर में दो गोल किए। दूसरे क्वार्टर में भारत ने 2 और पाकिस्तान ने भी दो गोल किया. तीसरे क्वार्टर में भारत ने एक गोल किया. चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही पाकिस्तान ने गोल किया. दोनों टीमों के लिए ये मुकाबला सेमीफाइनल के लिहाज से काफी अहम था. पाकिस्तान इस हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गया. भारत ने टूर्नामेंट में दमदार शुरुआत की थी और पहले मुकाबले में वेल्स के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज की.
हालांकि दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड से उसे 2-4 से हार का सामना करना पड़ा. भारत अभी पूल डी में 6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है. वहीं, पाकिस्तान को अपने तीन मैचों में एक अंक मिला है. वेल्स के खिलाफ उनका मैच ड्रॉ रहा और इंग्लैंड से 1-4 से हार का सामना करना पड़ा. 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाला वेगनेर स्टेडियम पूल-डी के इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले के सभी टिकट बिक गईं थी.
कप्तान हरमनप्रीत ने दिखाया दम: पाकिस्तान ने आक्रामक हमला बोलते हुए वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंडर जुगराज सिंह ने सही समय पर शानदार बचाव करते हुए इस खतरे को टाल दिया. इसके बाद भारत ने रणनीतिक बढ़त बनाई. पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने सीधे ड्रैग-फ्लिक करने के बजाय राजेंद्र सिंह की तरफ पास दिया. हालांकि गोलकीपर ने राजेंद्र के शॉट को रोक लिया, लेकिन भारत ने गेंद पर कब्जा बनाए रखा और रीबाउंड पर हरमनप्रीत ने एक सटीक शॉट लगाकर तीसरा गोल दाग दिया.
पाकिस्तान की जोरदार वापसी: मैच में पाकिस्तान ने भी हार नहीं मानी और हन्नान शाहिद के ज़रिए अपना पहला गोल हासिल किया. भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने हन्नान के शुरुआती दो प्रयासों को नाकाम किया था, लेकिन हन्नान ने ढीली गेंद पर तेज़ी दिखाते हुए रीबाउंड को दूर के कोने में गोल में बदल दिया. भारत ने भी तुरंत जवाब देने में देर नहीं की. फॉरवर्ड खिलाड़ी अभिषेक ने पाकिस्तानी डिफेंस को चकमा देते हुए गेंद को आगे बढ़ाना चाहा, जहां गेंद विरोधी खिलाड़ी से डिफ्लेक्ट होकर सीधी नेट में चली गई. किस्मत के इस साथ की बदौलत भारत को एक और गोल मिला और अभिषेक ने मैच में अपना दूसरा गोल पूरा किया.
सुफियान खान ने दूसरा गोल कर मैच में डाली जान: मुकाबला तब और रोमांचक हो गया जब पाकिस्तान के सुफियान खान ने एक और गोल दागकर स्कोर अंतर को कम कर दिया. सुफियान का यह शॉट भारतीय डिफेंडर से थोड़ा डिफ्लेक्ट होकर गोलकीपर सूरज करकेरा को छकाते हुए गोल में चला गया. अंतिम पलों में मैच बेहद तेज और एंड-टू-एंड हो गया है. पाकिस्तान को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला था, लेकिन भारतीय डिफेंस ने इसे सफलतापूर्वक बचा लिया.
हार्दिक ने भी किया कमाल: इसके बाद शानदार स्टिक वर्क की बदौलत भारत ने दबाव से निकलकर एक बेहतरीन मौका बनाया. विवेक ने मंदीप की तरफ पास दिया, जहां पाकिस्तान के खिलाड़ी अर्शद ने अर्जुन लालगे को फाउल कर दिया. रेफरी ने भारत को पेनाल्टी स्ट्रोक दिया. कप्तान की जगह हार्दिक ने आकर गोल दागा.
पाकिस्तान ने दागा तीसरा गोल: मैच के 46वें मिनट में पाकिस्तान ने एक बार फिर मैच में वापसी की. उन्होंने मिडफील्ड में भारत से गेंद छीनी और डिफेंस को चीरते हुए आगे बढ़े. हन्नान शाहिद ने गोलकीपर के ऊपर से गेंद को चिप करके गोल दागा और अंतर को घटाकर सिर्फ 2 गोल कर दिया. इसके बाद दोनों ही टीमों के खिलाड़ी कोई गोल नहीं कर सके और अंत में भारत ने 5-3 से मुकाबले को अपने नाम कर लिया.













Leave a Reply