जौनपुर में स्कॉर्पियो ने 9 लोगों को रौंदा, चाची-भतीजे की मौत; एक फुट गड्‌ढे को लेकर था विवाद

Spread the love

UP के जौनपुर में एक परिवार के 2 गुटों में गड्‌ढा खोदने को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। इसी दौरान भतीजे ने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से अपनी चाची और चचेरे भाई समेत 9 लोगों को रौंद दिया। जिसमें चाची-चचेरे भाई की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिवार के लोगों से मिली सूचना पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। 5 लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं। एक युवक का वाराणसी जबकि एक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना जिला मुख्यालय से करीब 14 किमी दूर गौरा बादशाहपुर के चक मुस्तफाबाद गांव की है।

मिली जानकारी के अनुसार चक मुस्तफाबाद गांव के रहने वाले नरेंद्र यादव का अपने छोटे भाई मनोज से घर के बगल बने एक फीट गड्‌ढे को लेकर विवाद चल रहा था। मनोज का परिवार इस गड्‌ढे में घर का पानी गिराने की बात कह रहा था। नरेंद्र के घरवाले इसका विरोध कर रहे थे।

ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार की शाम करीब 7 बजे दोनों गुटों में इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बुधवार सुबह करीब 8 बजे मनोज की पत्नी इंदू देवी गड्ढा खोदने लगीं। नरेंद्र के परिवार ने विरोध कर किया तो दोनों पक्षों में फिर से विवाद शुरू हो गया।

आरोपी राम ने 12-15 लोगों पर चढ़ाई स्कॉर्पियो: दोनों गुटों के 12-15 लोग आमने-सामने हो गए। तभी नरेंद्र का बेटा राम यादव (25) तेजी से अपनी स्कॉर्पियो-N लेकर पहुंचा। सामने खड़े मनोज के परिवार पर गाड़ी चढ़ा दी। इसके बाद गाड़ी बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंबे को तोड़ते हुए पलट गई।

टक्कर से मनोज यादव के भतीजे अमित यादव (20) पुत्र श्रवण यादव और मनोज की पत्नी इंदु देवी (40) की मौत हो गई। मनोज समेत गांव के विलेश यादव (24), राजनाथ यादव (65), राजकुमार (45), साहब लाल (22), सनी यादव और किशन यादव (25) घायल हो गए।

चाची- भतीजे की मौत, गांव के लोग भी घायल: गांव के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मनोज की पत्नी इंदू और अमित यादव को डॉक्टरों ने मृत करार दे दिया। किशन को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

एसपी देहात बोले- स्कॉर्पियो चढ़ाने की जांच करेंगे: एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद में भाइयों के बीच समझौते के लिए बातचीत चल रही थी। तभी नरेंद्र यादव के बेटे राम ने स्कॉर्पियो लोगों पर चढ़ा दी। इसमें दो व्यक्तियों की मौत हो गई है। आरोपी ने घटना जानबूझकर की या अनजाने में। इसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *