कानपुर के जाजमऊ में सड़क पर गिरा 40 फीट ऊंचा पेड़, स्कूटी सवार घायल

Spread the love

कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र के वार्ड-58 में गुरुवार भोर करीब 40 फीट ऊंचा पेड़ अचानक ताड़बगिया मुख्य मार्ग पर गिर गया. पेड़ की चपेट में आने से स्कूटी सवार घायल हो गया और उसकी स्कूटी भी नीचे दब गई. सड़क किनारे रखी दो गुमटियां भी टूट गईं। हादसे के दौरान बिजली का तार भी टूट गया, जिससे आसपास करंट फैलने का खतरा पैदा हो गया.

सूचना पर बिजली विभाग को जानकारी देकर सप्लाई बंद कराई गई. घायल को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। पेड़ सड़क के बीच गिरने से ताड़बगिया मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ का यातायात पूरी तरह रुक गया. सुबह करीब 10 बजे तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद रही और लोग पेड़ हटने का इंतजार करते रहे.

कई कारें भी खड़ी थीं, बाल-बाल बचे लोग: स्थानीय लोगों के मुताबिक, पेड़ गिरने के समय सड़क के पास कई कारें खड़ी थीं. गनीमत रही कि इनमें से कोई भी पेड़ की चपेट में नहीं आई. हादसे में घायल स्कूटी सवार राहगीर था. चोट लगने के बाद स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया. उसका नाम और पता सामने नहीं आ सका है.

बिजली का तार टूटने से मचा खतरा: पेड़ गिरने के दौरान बिजली का तार भी टूट गया. तार टूटने के बाद आसपास करंट फैलने का खतरा पैदा हो गया. लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बिजली सप्लाई बंद कराई गई. बिजली बंद होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. लोगों का कहना है कि समय रहते सप्लाई बंद नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था.

सूरजमुखी और बड़े लाला की गुमटियां टूटीं: पेड़ के किनारे रखी सूरजमुखी और बड़े लाला की गुमटियां भी पेड़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं. सूरजमुखी ने बताया कि हादसे में उन्हें 10 हजार रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है. अचानक पेड़ गिरने से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई.

सड़क बंद होने से वाहन चालक परेशान: पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिरने से दोनों तरफ का यातायात पूरी तरह रुक गया. राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई. लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से पेड़ को जल्द हटाने की मांग की.

स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ नहीं हटने तक जाम के साथ दोबारा हादसा होने का खतरा बना रहेगा. लोगों ने बिजली लाइन को भी सुरक्षित करने और जल्द यातायात शुरू कराने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *