कानपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जेल में कान्हा के जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जेल में गुरुवार को 285 बंदी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर व्रत रख रहे है, जिसमें 22 महिला बंदी भी शामिल हैं. जेल प्रशासन की ओर से व्रत रखने वाले बंदियों के लिए विशेष फलाहार की व्यवस्था की गयी है.
फलाहार में मिलेगी गरी और खोए की बर्फी: जेल अधीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि व्रत रखने वाले बंदियों को फलाहार के साथ साबूदाने की खीर, गरी और खोए की बर्फी तथा पंचामृत का प्रसाद दिया जाएगा. रात में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के बाद विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी. इसके बाद व्रत रखने वाले बंदियों को प्रसाद और पकवान वितरित किए जाएंगे.
जेल प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली हैं, जिससे बंदी भी धार्मिक आस्था के साथ जन्माष्टमी का पर्व मना सकें. जेल परिसर के अंदर और बाहर स्थित मंदिरों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है. मंदिरों के साथ ही जेल के अंदर और बाहर भी लाइटिंग की व्यवस्था की गई है.
भगवान श्रीकृष्ण की सजेंगी मनमोहक झांकियां: रंग-बिरंगी रोशनी से परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा. इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां सजायी जाएंगी. जन्माष्टमी के दौरान मंदिरों में बंदी भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना करेंगे. जन्मोत्सव के बाद सभी बंदियों को पकवान खिलाए जाएंगे.
















Leave a Reply