गणपति विसर्जन पर अब जलगांव में बवाल, रास्ता रोकने के दौरान पत्थरबाजी; 8 घायल

Spread the love

महाराष्ट्र में गणेश उत्सव की धूम के बीच जलगांव के रावेर में घर पर स्थापित एक गणपति की मूर्ति को विसर्जन के लिए ले जाते समय रास्ता रोकने को लेकर शुरु हुआ विवाद, देखते-देखते पत्थरबाजी की बड़ी घटना में बदल गया. यह घटना रावेर के भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर नगर और रजा कॉलोनी इलाके में घटी. रिपोर्ट के मुताबिक, लता घेते के घर पर स्थापित गणेश जी की मूर्ति को रिक्शे से विसर्जन के लिए पुंखेड़ा नदी के किनारे ले जाया जा रहा था.

लेकिन जैसे ही रिक्शा रजा कॉलोनी इलाके से गुजरा, तो कुछ महिलाओं ने गाड़ी रोक दी और जिद पर अड़ गए कि गणपति की मूर्ति को उस खास रास्ते से नहीं ले जाया जाना चाहिए.

बहस के बाद बरसे पत्थर: इसके बाद पूरे इलाके में तेजी से तनाव बढ़ गया और साधारण बहस पत्थरबाजी में तब्दील हो गई. इस घटनाक्रम में चार महिलाओं समेत आठ लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है. इस बीच, रावेर पुलिस ने दंगा करने, पत्थरबाज़ी करने और अत्याचार निवारण अधिनियम (Atrocities Act) के तहत 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पथराव का एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें एक दर्जन से ज्यादा लोगों को पथराव करते देखा जा सकता है.

रावेर शहर में घरेलू गणपति विसर्जन के दौरान रास्ता रोकने को लेकर दो गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद ने विकराल रूप धर लिया.

पुलिस ने संभाले हालात: घटना की जानकारी मिलने पर ज़िला पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे और जलगांव के एडिशनल पुलिस कमिश्नर संदीप गावित ने घटनास्थल का दौरा किया और हालात का जायजा लिया. फिलहाल इलाके की स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है. शांति बहाली के लिए कई थानों का फोर्स यहां तैनात किया गया है. गणपति विसर्जन के दौरान हुई यह घटना न सिर्फ रावेर बल्कि पूरे जलगांव में चर्चा का विषय बन गई है. पुलिस अब इस मामले की आगे की जांच कर रही है.

देश के कई शहरों में सामने आ रहीं ऐसी खबरें: यूपी, एमपी, महाराष्ट्र और तेलंगाना समेत कई राज्यों के शहरों में गणपति विसर्जन के दौरान तनाव की खबरें सामने आई हैं. तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में गणेश उत्सव के दौरान कुछ अराजक तत्वों ने मीट का टुकड़ा फेंक दिया था. वहीं महाराष्ट्र के मांडा-टिटवाला में गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच जमकर झड़प हुई थी. यूपी के गाजियाबाद के साहिबाबाद में भी गणपति विसर्जन के दौरान हंगामा मच गया था.

इस दौरान डीजे बजाने को लेकर पहले से चल रहा विवाद भड़क गया और जमकर मारपीट शुरू हो गई थी. ऐसे में कई लोग घायल हो गए थे और घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें नजर आ रहा था कि लोग एक-दूसरे को गिरा-गिराकर पीट रहे थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *