उज्जैन में बड़ा बवाल, शाही मस्जिद पर हथौड़ा चलते ही पथराव; आंसू गैस के गोले दागे

Spread the love

MP के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के रास्ते में आ रही शाही मस्जिद का एक हिस्सा गिराए जाने की योजना को लेकर आज भारी बवाल हो गया. आज सुबह से ही मस्जिद के पास जमा हुई लोगों की भारी भीड़ ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. इसी बीच, कुछ लोगों ने पुलिस पर कथित तौर पर पथराव भी किया. इसके बाद लोगों और पुलिस बल के बीच झड़प देखने को मिली. पुलिस द्वारा स्थिति पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए. इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल और रैपिड ऐक्शन फोर्स के जवान तैनात हैं. पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटे हैं

बताया जा रहा है कि रात में पुलिस प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच आपसी सहमति से मुस्लिम समाज के लोग आज खुद ही सड़क चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहा मस्जिद का हिस्सा हटाने को तैयार हो गए थे, हालांकि, बाद में कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए मस्जिद के बाहर जमा होकर हंगामा कर दिया.

उज्जैन के पुलिस कमिश्नर और जिला कलेक्टर से लेकर प्रशासन के तमाम बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर उन्हें शांत करने की कोशिश में जुटे हैं.

गौरतलब है कि, उज्जैन में इन दिनों सिंहस्थ-2028 मेले के लिए सड़क चौड़ीकरण काम चल रहा है. उज्जैन की पुरानी बस्ती अब्दालपुरा में स्थित मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पैतृक घर भी सड़क चौड़ीकरण के काम में आड़े रहा था, जिस पर सीएम ने रविवार को खुद हथौड़ा चलाकर इस हटाने की शुरुआत की. मुख्यमंत्री सुबह करीब 10 बजे अब्दालपुरा पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने अपने पैतृक मकान नंबर 180 पर हथौड़ा चलाकर उसे हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई.

इलाके में 2000 पुलिस जवान तैनात: हालात को संभालने के लिए प्रशासन ने मौके पर करीब 2000 पुलिस जवानों को तैनात किया है और मस्जिद के 500 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह रोक दी है. प्रदर्शन के दौरान महिलाओं को भी आगे देखा गया.

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समझाइश दिए जाने के बाद भीड़ शांत हुई. रातभर चले तनाव के बाद ये उम्मीद जताई जा रही है कि सोमवार सुबह से समाज के लोग खुद ही आगे आकर आपसी सहमति से मस्जिद के विवादित हिस्से को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं.

पुलिस पर पथराव, आंसू गैस के गोले छोड़े गए: लेकिन ऐसा नहीं हुआ और सोमवार को भी इलाके में जमकर प्रदर्शन देखने को मिला. इस दौरान गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया जिसके जवाब में पुलिसकर्मियों ने भीड़ पर आंसू गैस के गोले दागे.

सिंहस्थ के मद्देनजर कंठाल चौराहे से लेकर गोपाल मंदिर तक की करीब 900 मीटर लंबी सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है. इस दायरे में कुल 7 धार्मिक स्थल आ रहे थे, जिनमें से ज्यादातर को आपसी सहमति से हटाया जा चुका है. 

हालांकि, खड़े हनुमान मंदिर से लेकर गोपाल मंदिर तक के हिस्से में एक मजार, खड़े हनुमान मंदिर और शाही मस्जिद को लेकर हालात काफी संजीदा बने हुए हैं.

हाई कोर्ट में आज होगी सुनवाई: इस मामले पर कानूनी लड़ाई भी जारी है. सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रही शाही मस्जिद को बचाने के लिए मुस्लिम समाज का एक धड़ा इंदौर हाई कोर्ट पहुंचा है, जहां सोमवार को इस मामले पर अहम सुनवाई होनी है. 

272 मकान हटाए जाएंगे: यहां खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने तक सड़क को 32 फीट चौड़ा किया जाएगा. इस सड़क के दोनों ओर रहने वाले लोगों ने भी अपने मकान पीछे हटाकर चौड़ीकरण कार्य में सहयोग की मिसाल पेश की है. खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने के बीच 272 मकान हैं, जिनमें हिंदू, मुस्लिम और बोहरा समुदाय के लोग रहते हैं. सड़क चौड़ीकरण के लिए क्षेत्र के निवासी स्वेच्छा से अपने मकानों का हिस्सा हटाने के लिए तैयार हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *