ध्रुव राठी समेत CJP के 600 कार्यकर्ता हिरासत में, सड़कों पर कीलें लगायी, जंतर-मंतर बना अभेद्य दुर्ग

Spread the love

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR रोकने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस पर कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक जुटने लगे हैं. पुलिस ने अब तक 150 लोगों को हिरासत में लिया है.

इधर यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम में हिरासत में लिया गया है. सुबह 8 बजे पुलिस ने यह कार्रवाई की है. हालांकि, उन्हें हिरासत में लेने की वजह और मामले से जुड़ी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है.

इन इलाकों से प्रदर्शनकारियों को हटाया जा रहा है. कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की जैसे हालात दिखे. उधर, दीपके मुंबई से दिल्ली रवाना हो गए हैं. उन्होंने कहा- “ये ताकत नहीं, डर की निशानी है.”

इन इलाकों में 38 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात हैं, जिसमें BSF जवान भी शामिल हैं. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन आने वाली 250 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें आज कैंसिल रहेंगी.

45 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए हैं जबकि 10 डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं. वहीं, इंडिया गेट के आसपास 4km के दायरे में शुक्रवार रात 10 बजे से आज रात 10 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा.

यूट्यूबर ध्रुव राठी

गुरुवार को ध्रुव राठी बेंगलुरु में एसआईआर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में पहुंचे थे. बता दें, शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले पुलिस ने यह कार्रवाई की है.

गौरतलब है कि शुक्रवार को ध्रुव राठी ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था. उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लोगों से जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी.

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए दक्षिणी जिले समेत पूरी दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. अंतरराज्यीय और अंतर-जिला सीमाओं पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पुलिस जांच के जरिए अनधिकृत लोगों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोक रही है.

दिल्ली पुलिस की तैयारी: डीसीपी अनंत मित्तल ने कहा, ‘हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आज का दिन शांतिपूर्ण तरीके से गुजरे. विभिन्न सीमाओं पर करीब 12 पुलिस पिकेट बनाए गए हैं. इसके अलावा जिले के भीतर भी कई जगह पुलिस पिकेट लगाए गए हैं और बाहरी पुलिस चौकियों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.’

CJP प्रोटेस्ट के मद्देनजर लगभग 25 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान निगरानी के लिए बॉडी कैमरों का इस्तेमाल शुरू किया है, जो अंधेरे में भी काम करते हैं. इसका उद्देश्य प्रदर्शन के दौरान घटनाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग करना है ताकि पुलिस पर लगे आरोपों का वीडियो सबूत के जरिए जवाब दिया जा सके. सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और मेट्रो स्टेशनों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *