मुरादाबाद में रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भीषण टक्कर, मां-बेटे समेत चार की मौत

Spread the love

UP में मुरादाबाद के छजलैट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर ग्राम लदावली स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस और गन्ने की खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो महिलाओं और एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

बस में सवार 11 अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के मुरादाबाद डिपो की बस संख्या UP 78 LN 7524 छजलैट की ओर से मुरादाबाद आ रही थी। ग्राम लदावली के पास सामने से गन्ने की खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई।

ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की चालक साइड टकराने के कारण बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री घायल हो गए। हादसे में छजलैट के ग्राम सदूपुरा निवासी जॉनसन मसीह की पत्नी अर्चना (30) और उनके पांच वर्षीय बेटे सुशांत की मौके पर ही मौत हो गई। इनके अलावा लोकेंद्र (50) पुत्र जुगल किशोर निवासी ग्राम रतनगढ़, थाना शिवाला कलां, बिजनौर और दीपा उर्फ दीपिका चौहान (30) पत्नी प्रखत चौहान निवासी ग्राम कोट, थाना नूरपुर, बिजनौर ने भी दम तोड़ दिया।

अर्चना के पति जॉनसन मसीह (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची छजलैट पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मृतकों के शव और गंभीर घायल जॉनसन को जिला अस्पताल भिजवाया गया। बस में घायल कुछ अन्य यात्री अपने स्तर से उपचार के लिए चले गए।

दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। हादसे की सूचना पर उपजिलाधिकारी मयंक कुंडू और सीओ कांठ अभिनव द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस अन्य घायलों की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *