संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे पर ट्रैक्टर में घुसी कार, पति, इकलौते बेटे और भाई की मौत

Spread the love

UP के संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे पर वैगनआर कार गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राले में पीछे से जा घुसी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों में महिला का पति, 11 साल का इकलौता बेटा और भाई शामिल हैं।

चारों लोगों ने दिल्ली से कार बुक की थी और आजमगढ़ वापस आ रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लोग कार में ही फंस गए। ड्राइवर कार छोड़कर भाग गया।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। महिला के पास मिले मोबाइल से सभी की शिनाख्त हुई। हादसा जिला मुख्यालय से 8 किमी दूर बहजोई थाना क्षेत्र में हुआ।

पुलिस ने बताया कि शैलेश कुमारी (38) की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में उनके पति अजय कुमार (40), बेटा पीयूष (11) और भाई राजकुमार (30) शामिल हैं। तीनों आजमगढ़ के रहने वाले थे। हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *