भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच पहली ट्रेन ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ आज से शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने हरी झंडी दिखाकर सरयू कमला एक्सप्रेस को रवाना किया।
यह ट्रेन यूपी और बिहार के 10 स्टेशनों पर रुकेगी। पहले दिन 1158 यात्री इसमें सवार हुए। आम यात्रियों के लिए यह ट्रेन 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
वाल्मीकि रामायण के मुताबिक, राजा दशरथ राम बारात लेकर जब मिथिला में जनकपुर पहुंचे थे तब उन्हें 4 दिन लगे थे। अब यही सफर लगभग 19 घंटे में पूरा होगा।
नेपाल के जनकपुर में अयोध्या से आने वाली पहली ट्रेन के स्वागत की तैयारियां जारी हैं। यहां सफाई के साथ रंग-रोगन का काम चल रहा है। यह ट्रेन कल जनकपुर पहुंचेगी।
सरयू जनकपुर एक्सप्रेस अयोध्या से चलकर अपने पहले स्टॉपेज यूपी के मनकापुर जंक्शन पहुंची। यहां पांच मिनट रुकने के बाद आगे के लिए रवाना हुई।
यात्रियों ने बताया कि ट्रेन से लोगों को फायदा मिलेगा। अब आप सीधे अयोध्या से जनकरपुर जा सकेंगे। ट्रेन की फैसिलिटी बेहतर है।
प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाने से पहले रेलवे का गति शक्ति पोर्टल को देखा। साथ ही दोनों ने रेलवे से जुड़ी अन्य तकनीकों को भी देखा।
पीएम मोदी ने कहा, भारत और नेपाल के रिश्ते साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे संबंधों से जुड़े हैं। भगवान राम और माता सीता हमारी साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं।
2018 में जनकपुर की पवित्र धरती पर मैंने कहा था कि नेपाल के बिना हमारे तीर्थ अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।
आज सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत के साथ हम इस पवित्र रिश्ते को एक नया आयाम दे रहे हैं।
इस्कॉन संस्था ने ट्रेन शुरू होते ही इसमें सवार यात्रियों को भोजन परोसा। संस्था उद्घाटन के मौके पर यात्रियों को दोनों टाइम भोजन और नाश्ता दे रही है।
दिल्ली के हैदराबाद हाउस से पीएम मोदी और पीएम बालेन शाह ने हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही अयोध्या स्टेशन पर खड़ी ट्रेन जनकपुर के लिए रवाना हो गई।
सरयू-कमला एक्सप्रेस में सवार होने वाले यात्री ने कहा- हम बहुत उत्साहित हैं। कई श्रद्धालु भी इस ट्रेन से यात्रा करेंगे। यह ट्रेन दो ऐसे स्थानों को जोड़ती है जो लोगों के लिए भावनात्मक रूप से बहुत महत्वपूर्ण हैं।
सीएम योगी अयोध्या स्टेशन पर पीएम के वर्चुअली जुड़ने का इंतजार कर रहे हैं। पीएम मोदी को नेपाली पीएम बालेन शाह के साथ दोपहर 12.30 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखानी थी, लेकिन दोपहर 1.15 बजे तक पीएम नहीं आए थे।
ट्रेन से यात्रा करने वालीं शिक्षिका रितु दुबे और ऋचा अग्रवाल ने कहा कि यह बहुत सौभाग्य की बात है कि अयोध्या धाम से जनकपुर के लिए ट्रेन की सुविधा दी जा रही है। इससे अयोध्या और जनकपुर का रिश्ता और मजबूत होगा पहले भी नेपाल और भारत का रोटी और बेटी का रिश्ता था। यह सदियों से चला रहा है।
रेलवे के डिप्टी CTI संजय कुमार वर्मा ने सरयू-कमला एक्सप्रेस को दोनों देशों के बीच दोस्ती की ट्रेन बताया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच हमेशा से अच्छे और मजबूत रिश्ते रहे हैं। अयोध्या और जनकपुर के बीच यह ट्रेन सेवा शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के 500 साल लंबे संघर्ष में नेपाल के संतों, युवाओं, माताओं, बहनों और आम श्रद्धालुओं के योगदान और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय माता जानकी के मायके जनकपुर धाम से सैकड़ों श्रद्धालु प्रेम और श्रद्धा के साथ अयोध्या उपहार लेकर पहुंचे थे। नेपाल का पशुपतिनाथ मंदिर और काशी का बाबा विश्वनाथ मंदिर लंबे समय से दोनों देशों के बीच आध्यात्मिक संबंधों की कड़ी रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु पीढ़ियों से अपनी आस्था के लिए नेपाल के मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ मंदिरों की यात्रा करते रहे हैं। एक खास परंपरा के तहत नेपाल से भेजी गई खिचड़ी हर साल मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में चढ़ाई जाती है। वहीं, वासंतिक नवरात्र के दौरान नेपाल से श्रद्धालुओं का एक जत्था देवीपाटन शक्तिपीठ में दर्शन के लिए पहुंचता है।














Leave a Reply