₹5 की खैनी के चक्कर में बहरीन में भरा 18 लाख जुर्माना और काटी 18 दिन की जेल

Spread the love

UP में आजमगढ़ के रहने वाले सौरभ राय को खैनी (तंबाकू) और चूना साथ लेकर बहरीन जाना भारी पड़ गया। एयरपोर्ट पर सामान की जांच हुई तो उनकी चुनौटी में खैनी-चूना मिल गया। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

महज 5 रुपए के खैनी-चूने की वजह से सौरभ को करीब 18 लाख रुपए चुकाने पड़े। 20 दिन तक विदेश में मुश्किल हालात झेलने पड़े। आखिरकार शनिवार को वह सकुशल घर लौटे।

सौरभ ने बताया- बहरीन पुलिस और CID की हिरासत में मुझे 18 दिन तक 16 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले AC कमरे में रखा गया। ठंड से बचने के लिए कंबल तक नहीं दिया गया। रातभर एक हल्की चादर के सहारे गुजारा करना पड़ता था।

उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान अधिकारी बार-बार यही सवाल करते थे कि खैनी और चूना साथ ले जाने की क्या जरूरत थी? हर बार उन्हें इसी सवाल का जवाब देना पड़ता था। जेल में रहने के दौरान सौरभ की तबीयत बिगड़ गई। अब वह इलाज करवा रहे हैं।

आजमगढ़ के अहिरौला थाना क्षेत्र के भवरूपुर निवासी सौरभ राय (35) सऊदी अरब के अल-कतीफ, दम्माम में ड्राइवर हैं। सौरभ ने बताया कि 29 अक्टूबर को मुंबई से बहरीन एयरपोर्ट पहुंचने पर कस्टम विभाग ने उनके सामान की जांच की। इस दौरान बैग में चुनौटी, खैनी और चूना मिलने पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। उनका मोबाइल और बैग भी जब्त कर लिया गया।

इसके बाद उन्हें बहरीन पुलिस और अपराध जांच विभाग (CID) को सौंप दिया गया। वहां उनसे लगातार पूछताछ की गई कि वह यह सामान तस्करी के लिए ले जा रहे थे। या फिर इसके पीछे कोई दूसरा उद्देश्य था।

वकील की फीस और जुर्माने समेत चुकाए 7200 बहरीन दीनार: सौरभ ने बताया कि हिरासत के दौरान उन्हें 16 डिग्री तापमान वाले कमरे में रखा जाता था। वहां लगातार AC चलता रहता था, लेकिन ठंड से बचने के लिए न कंबल दिया गया और न ही गर्म कपड़े। केवल एक हल्की चादर के सहारे उन्हें करीब 18 दिन बिताने पड़े। इस बीच परिवार ने बहरीन में परिचितों के जरिए वकील की व्यवस्था की।

सौरभ के मुताबिक, उन्हें जुर्माना भरने या जेल की सजा भुगतने का विकल्प दिया गया था। आखिरकार वकील की फीस और जुर्माने समेत कुल 7200 बहरीन दीनार यानी करीब 17.80 लाख रुपए चुकाने के बाद 18 नवंबर को कोर्ट से उनकी रिहाई हुई।

रिहाई के बाद वह सऊदी अरब पहुंचे। वहां से चेन्नई और दिल्ली होते हुए सड़क मार्ग से अपने घर आए। हिरासत के दौरान और वापसी के सफर में उनकी तबीयत खराब हो गई। फिलहाल वह टाइफाइड और मलेरिया से पीड़ित हैं। उनका इलाज चल रहा है।

परिवार ने अधिकारियों से मांगी थी मदद: सौरभ के बड़े भाई ऋषभ राय ने बताया कि 29 अक्टूबर को बहरीन एयरपोर्ट पहुंचने के बाद भाई से संपर्क टूट गया था। काफी प्रयास के बाद भी उसकी कोई जानकारी नहीं मिली तो 12 नवंबर को मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया गया।

इसमें विदेश मंत्रालय के माध्यम से मदद दिलाने की मांग की गई थी। बाद में बहरीन में परिचितों की मदद से वकील की व्यवस्था हो सकी। ऋषभ ने सौरभ की वापसी में सहयोग के लिए आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों का आभार जताया।

सौरभ की सकुशल वापसी की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने भी उनके घर पहुंचकर बयान दर्ज किया। क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने बताया कि युवक के घर लौटने की सूचना मिली है। संबंधित थाने से पुलिसकर्मियों को भेजकर पूरे मामले की जानकारी ली गई है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।

बहरीन में खैनी-चूने पर कितनी सजा? खैनी-गुटखा रखने पर: प्रतिबंधित तंबाकू के आयात या रखने पर 2,000 से 5,000 बहरीन दीनार तक जुर्माने का प्रावधान बताया गया है। दोबारा अपराध पर जुर्माना दोगुना हो सकता है। चूना-सुपारी लाने पर: अप्रैल 2025 के कानून संशोधन के तहत तंबाकू के साथ इस्तेमाल होने वाले पदार्थों के आयात या बिक्री पर कम से कम 1 साल की जेल और 1,000 से 1 लाख बहरीन दीनार तक जुर्माना हो सकता है। सार्वजनिक जगह पर उल्लंघन: धूम्रपान संबंधी नियम तोड़ने पर 20 से 50 बहरीन दीनार तक जुर्माना और सामान जब्त किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *