हरियाणा में शानदार जीत के बाद भाजपा ने राहुल गांधी को भिजवाई एक किलो जलेबी

Spread the love

हरियाणा के विधानसभा चुनावों में इस बार सबसे ज्यादा चर्चा जलेबी की हुई. इसके बाद जब बीजेपी ने चुनाव में शानदार जीत दर्ज की तो हरियाणा बीजेपी की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को एक किलो जलेबी भिजवाई गई. दरअसल राहुल गांधी ने गोहाना रैली के दौरान एक स्थानीय मिठाई की दुकान की जलेबी के बारे में जो टिप्पणी की थी, वो वायरल हो गई थी.  

चुनाव के नताजों से पहले ही सोशल मीडिया पर जलेबी ट्रेंड कर रही थी. दरअसल दोनों दलों के नेता जलेबी को लेकर वार-पलटवार कर रहे थे. हालांकि रिजल्ट के बाद बीजेपी की ओर से राहुल गांधी को जलेबी भिजवा दी गई. बीजेपी हरियाणा की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया गया है कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से राहुल गांधी के लिए उनके घर पर बीकानेरवाला की एक किलो जलेबी भिजवा दी गई हैं.   

कैसे शुरू हुई जलेबी ?

यह सब तब शुरू हुआ जब गांधी ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करते हुए गोहाना में एक भाषण देते हुए एक स्थानीय मिठाई की दुकान (माटू राम हलवाई) की जलेबी की प्रशंसा की और कहा कि इसे पूरे भारत में बेचा जाना चाहिए. यहां तक ​​कि निर्यात भी किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर इसे किसी फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में बनाया जाए तो इससे रोजगार के अधिक अवसर पैदा हो सकते हैं.

उनके भाषण का यह हिस्सा जल्द ही इंटरनेट पर मजाक और मीम्स का रूप धारण कर लिया. कई लोगों ने कहा कि जलेबी ताजी खाने के लिए होती है, न कि किसी फैक्ट्री में बनाकर थोक में बेचने के लिए.

PM मोदी ने भी कसा था तंज 

राहुल गांधी के जलेबी वाले बयान पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी तंज कसा था. उन्होंने झारखंड में कांग्रेस की जलेबी को ‘झूठ की जलेबी’ बताया. उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े वादे करके ये लोग आपकी आंखों में धूल झोंकना चाहते हैं. 

कांग्रेस नेता के बयान पर मुख्यमंत्री सैनी ने बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी को किसी ने तवज्जो भी नहीं दी, उन्हें किसी ने जलेबियों का एक डिब्बा गाड़ी में पकड़ा दिया तो वह ये देखकर हैरान हो गए कि यहां इतनी बड़ी जलेबी भी बनती है. इस पर रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने पलटवार करते हुए कहा था कि हमारी सरकार बनने के बाद आपको जलेबी भिजवाएंगे.  

‘हरियाणा में क्या रहे चुनाव के नतीजे? 

हरियाणा में बीजेपी ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत की हैट्रिक लगाई है. बीजेपी को इस बार 48 सीटों पर जीत मिली है, जबकि कांग्रेस 37 सीटों पर ही जीत सकी. इस चुनाव में जनता ने जेजेपी और दुष्यंत चौटाला दोनों को ही पूरी तरह नकार दिया. इसके अलावा इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) का इस बार ठीक प्रदर्शन रहा, हालांकि ऐलनाबाद सीट से अभय चौटाला की हार हुई. राज्य में तीन निर्दलीय उम्मीदवारों की भी जीत हुई है. इनमें हिसार से सावित्री जिंदल, गनौर से देवेंद्र काद्यान और बहादुरगढ़ से राजेश जून की जीत हुई है.  

हरियाणा में भाजपा की शानदार जीत के बाद जलेबी पर चर्चा सिर्फ हरियाणा भाजपा तक सीमित नहीं रही. गुजरात भाजपा ने भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित अपने नेताओं की तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें वे जलेबी पार्टी में एक-दूसरे के साथ लोकप्रिय मिठाई खा रहे थे.

पूर्व भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने भी पार्टी नेताओं के साथ जलेबी खाते हुए अपनी एक तस्वीर पोस्ट की. उन्होंने सोशल मीडिया पर हिंदी में लिखा, “आज की जलेबी कुछ ज्यादा ही स्वादिष्ट थी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *