बम के साथ आतंकी होने की सूचना से रात ढाई बजे टूंडला में 3 घंटे रुकी रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस

Spread the love

कई बार किसी ट्रेन या हवाई जहाज में बम या किसी और खतरनाक चीज के होने की खबर से सनसनी फैल जाती है. प्रशासन के आनन फानन में इसकी जांच करानी पड़ती है. हाल में पुरी-नई दिल्ली पुरूषोत्तम एक्सप्रेस के साथ कुछ ऐसा ही हुआ . अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को यहां रेलवे को अलर्ट किया गया था कि कुछ संदिग्ध आतंकी विस्फोटकों के साथ पुरूषोत्तम एक्सप्रेस में सफर कर रहे हैं.

इसके बाद उत्तर प्रदेश के टूंडला रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन को तीन घंटे से अधिक समय तक रोक दिया गया था. हालांकि, एक एक्स यूजर से मिली ये जानकारी झूठी निकली, क्योंकि लगभग 2.30 बजे से सुबह 6 बजे तक की गई गहन जांच के बाद ट्रेन में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया.

जांच में पता चला, धमकी अफवाह थी

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उन्हें बताया गया था कि कुछ संदिग्ध आतंकी एयर इंडिया की दिल्ली-लेह उड़ान में विस्फोटक लगाएंगे. हालांकि, घंटों की जांच के बाद यह पुष्टि हो गई कि धमकी अफवाह थी. सुरक्षा एजेंसियों द्वारा ट्रेन को क्लियरेंस घोषित करने के बाद परिचालन फिर से शुरू हुआ. पुलिस का कहना है कि बम की सूचना देने वाले के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.

प्रयागराज रेल डिवीजन के एक अधिकारी ने कहा, ‘लगभग 2.30 बजे, सभी कोचों में सभी यात्रियों को जगाया गया और उनके सामान की मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉड से गहन जांच की गई, लेकिन कुछ भी नहीं मिला.’

उन्होंने आगे कहा, ‘हमें एक एक्स हैंडल से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध आतंकवादी विस्फोटकों के साथ ट्रेन में यात्रा कर रहे हैं, जिसे वे एयर इंडिया की दिल्ली-लेह फ्लाइट में रखेंगे. हमने कार्रवाई शुरू की लेकिन यह एक अफवाह निकली.’

2023 में भी इसी ट्रेन में बम रखने की मिली थी सूचना

इससे पहले एक मई 2023 को भी पुरी-नई दिल्ली पुरूषोत्तम एक्सप्रेस में बम रखने की सूचना मिली थी. डगमापुर स्टेशन मास्टर को बम की धमकी मिलने के बाद पुरी-नई दिल्ली पुरूषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन की तलाशी ली गई. ट्रेन को मिर्ज़ापुर के चुनार रेलवे स्टेशन पर काफी देर तक रोका गया था. स्टेशन मास्टर को सूचना मिली कि झिंगुरा स्टेशन के पास ट्रेन में धमाका होगा. हालांकि यह भी अफवाह निकला था.

हाल में राजस्थान की राजधानी जयपुर के हवाई अड्डे पर कोई अलर्ट नहीं बल्की सीधे बम की धमकी आई थी. यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को एक ईमेल मिला. इसमें कुछ ऐसा था कि बल तुरंत अलर्ट हो गया.

ये एक धमकी भरा ईमेल था जिसमें जयपुर के दो होटलों को भी बम से उड़ाने की बात कही गई थी. हालांकि पुलिस ने कहा कि जांच में बातें झूठी निकलीं. जयपुर एयरपोर्ट के SHO संदीप बसेरा ने बताया कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को शुक्रवार दोपहर 2.15 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने मेल भेजा था. इस मेल को देश के सभी एयरपोर्ट को टैग किया गया है. उन्होंने कहा- मेल में किसी विमान या हवाईअड्डे पर बमबारी की कोई धमकी नहीं है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *