कनाडा में हिंदू मंदिर पर हमला कायराना, ऐसे कृत्य डिगा नहीं सकते; PM मोदी ने की कड़ी निंदा

Spread the love

भारत और कनाडा के बीच तनातनी लगातार बढ़ती जा रही है. कनाडा में हिंदू मंदिर पर हमले की पीएम मोदी ने निंदा की है. प्रधानमंत्री मोदी ने X पर पोस्ट किया कि मैं कनाडा में एक हिंदू मंदिर पर जानबूझकर किए गए हमले की कड़ी निंदा करता हूं, हमारे राजनयिकों को डराने-धमकाने की कायरतापूर्ण कोशिशें भी उतनी ही भयावह हैं. हिंसा के ऐसे कृत्य कभी भी भारत के संकल्प को कमजोर नहीं करेंगे. हम कनाडा सरकार से न्याय सुनिश्चित करने और कानून के शासन को बनाए रखने की उम्मीद करते हैं.  

कनाडा में भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंतितः विदेश मंत्रालय

कनाडा के ब्रैम्पटन में हिंदू मंदिर पर हुए हमले को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम कल ब्रैम्पटन, ओंटारियो में हिंदू सभा मंदिर में चरमपंथियों और अलगाववादियों द्वारा की गई हिंसा की निंदा करते हैं. हम कनाडा सरकार से यह सुनिश्चित करने का आग्रह करते हैं कि सभी पूजा स्थलों को ऐसे हमलों से बचाया जाए.  उन्होंने कहा कि हम ये भी उम्मीद करते हैं कि हिंसा में लिप्त लोगों पर मुकदमा चलाया जाएगा. हम कनाडा में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बहुत चिंतित हैं. भारतीयों और कनाडाई नागरिकों को समान रूप से सेवाएं प्रदान करने के लिए हमारे वाणिज्य दूतावास अधिकारियों की एक्सेस को धमकी, उत्पीड़न और हिंसा से नहीं रोका जाएगा. 

खालिस्तानी समर्थकों ने किया था हमला बता दें कि रविवार को खालिस्तानी समर्थकों ने ब्रैम्पटन में हिंदू मंदिर में भक्तों के एक समूह को निशाना बनाया था. हालांकि इस घटना के बाद कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने कहा था कि मंदिर में हिंसा की घटनाएं अस्वीकार्य हैं. प्रत्येक कनाडाई को अपने धर्म का स्वतंत्र और सुरक्षित तरीके से पालन करने का अधिकार है. 

मंदिर के पुजारी ने लगाए ‘बंटोगे तो कटोगे’ के नारे

इस घटना से कनाडा के हिंदुओं के बीच लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है. ब्रैम्पटन मंदिर के पुजारी ने एकता का परिचय देने का आग्रह किया और ‘बंटोगे तो कटोगे’ के नारे लगाए, ब्रैम्पटन मंदिर के पुजारी का कहना था कि अब सबको एक होना पड़ेगा. कनाडा में हिंदुओं को एकजुट होने की जरूरत है. आप एकजुट रहेंगे तो सुरक्षित बने रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *