मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास 85 यात्रियों को ले जा रही एक नौका बुधवार शाम को पलट गई. 80 यात्रियों को बचा लिया गया है, जिनमें से दो की मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एलीफेंटा जा रही निजी नौका नीलकमल करंजा के पास पलट गई. डूबी नौका के मालिक ने कहा है कि भारतीय नौसेना की स्पीड बोट ने उसकी नौका को टक्कर मारी जिसके बाद ये हादसा हुआ. नौका के मालिक राजेंद्र पडाटे ने कहा कि टक्कर के समय नौका पर 80 से ज्यादा यात्री सवार थे. उन्होंने बताया कि नौका प्रतिदिन दोपहर 3 बजे के आसपास एलीफेंटा जाती है. वहीं पूर्व एमएलसी जयंत पाटिल ने भी कहा कि स्पीड बोट की टक्कर इतनी जोरदार थी कि नौका दो हिस्सों में टूट गई.

बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कारपोरेशन (BMC) ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि नाव में चालक दल समेत कुल 85 यात्री सवार थे. अब तक 80 लोगों को बचा लिया गया है और 5 लोग लापता हैं. अस्पताल में भर्ती 5 लोगों की हालत गंभीर है. बाकी लोगों की हालत स्थिर है.
भारतीय नौसेना, जेएनपीटी, तटरक्षक बल, येलो गेट पुलिस स्टेशन और स्थानीय मछली पकड़ने वाली नौकाओं की मदद से बचाव अभियान जारी है. मरीन पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर मौजूद हैं. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी घटना पर नजर बनाए हुए हैं। भारतीय तटरक्षक बल ने गेटवे ऑफ इंडिया के पास पलटी नाव के बचाव अभियान का वीडियो जारी किया है. घटनास्थल से प्राप्त वीडियो में यात्रियों को लाइफ जैकेट पहने हुए देखा गया. यात्रियों को दूसरी नावों में सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया.
एलिफेंटा आइलैंड के लिए चलती हैं सार्वजनिक फेरी
गौरतलब है कि गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा गुफाओं तक जाने के लिए सार्वजनिक फेरी सेवाएं उपलब्ध हैं। यह क्षेत्र मुंबई के पूर्वी हिस्से में स्थित है और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। फिलहाल इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया है।













Leave a Reply