कानपुर के बिल्हौर में चौबेपुर के गोगूमऊ गांव में एक किसान की हत्या कर दी गई. मंगलवार रात करीब 11 बजे घर के बाहर सो रहे 55 वर्षीय देवनारायण उर्फ तिवारी लाल कटियार को अज्ञात हमलावर ने सीने में गोली मार दी.
देवनारायण अविवाहित थे और अपने छोटे भाई रामवीर के परिवार के साथ रहते थे. वह खेती-किसानी में मदद करने के साथ परचून की दुकान भी चलाते थे. रामवीर के परिवार में उनकी पत्नी अनामिका, बेटा शिवा और दो बेटियां मोनी व लक्ष्मी हैं.
गोली की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग पहुंचे, हमलावर खेतों की तरफ भाग चुका था. मृतक का घर गांव के किनारे होने के कारण हमलावर आसानी से फरार हो गया. परिजन घायल देवनारायण को सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है.
एसीपी अमरनाथ यादव के निर्देश पर दो टीमें गठित की गई हैं. ये टीमें आशनाई और जमीनी विवाद सहित कई पहलुओं पर जांच कर रही हैं. थाना प्रभारी राजकुमार राठौर के अनुसार अभी तक कोई जमीनी विवाद सामने नहीं आया है. पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है.
















Leave a Reply