कानपुर के नौबस्ता-रामादेवी हाईवे पर किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसा टैंकर, परिचालक की मौत

Spread the love

कानपुर के चकेरी थानाक्षेत्र के नौबस्ता-रामादेवी हाईवे पर बुधवार सुबह चालक को झपकी आने की वजह से टैंकर खड़े डंपर में पीछे से जा घुसा. हादसे में टैंकर के परिचालक की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने चालक के परिजनों को सूचना देकर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. इधर हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराकर यातायात सामान्य कराया.

नौबस्ता-रामादेवी हाईवे पर टैंकर नौबस्ता से रामादेवी की ओर जा रहा था. कालिका होटल व नौबस्ता के बीच में चालक को अचानक झपकी आ गई. इससे टैंकर हाईवे किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसा. हादसे में टैंकर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व परिचालक केबिन में फंस गए. सूचना पाकर पहुंची चकेरी पुलिस ने चालक व परिचालक को निकालकर कांशीराम अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने परिचालक को मृत घोषित कर दिया. चालक का इलाज चल रहा है.

मृतक की पहचान मथुरा के बलदेव सलेमाबाद निवासी विजय पाल सिंह (32) के रूप में हुई. वहीं, गंभीर हालत में मथुरा के महावन नगला रतिया निवासी चालक हरिओम सिंह को हैलट अस्पताल रेफर किया गया है. थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *