भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच पूर्वी यूपी वालों के लिए राहत की खबर है. बुधवार की दोपहर बाद से यहां मौसम बदलने की उम्मीद है. बादलों की इंट्री हो सकती है. 11 और 12 जून के बीच पूर्वी यूपी के जिलों में गरज-चमक और बूंदाबांदी के आसार हैं. इससे आसमान से बरसती आग के बीच लोगों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है. हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों तक गर्मी और लू के थपेड़ों से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है.
12 जून की शाम से बदल सकता है मौसम
आठ जून के 27.7 डिग्री के न्यूनतम तापमान के मुकाबले 9 जून को रात पारा 31 डिग्री तक पहुंच गया. चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के मुताबिक 12 जून की दोपहर तक मौसम ऐला ही रह सकता है. 12 की शाम से मौसम बदलने के संकेत हैं. 13 से 15 जून के बीच बारिश से लोगों को कुछ राहत मिलेगी.
सोमवार को सुपर हीट वेव ने कानपुर समेत यूपी के 19 जिलों को झुलसाकर रख दिया. आगरा और झांसी प्रदेश में सबसे गर्म रहे. यहां पारा 45.9 डिग्री रहा. लखनऊ में अधिकतम पारा 42 डिग्री, और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार आगरा में मंगलवार से गुरुवार तक भीषण गर्मी का असर रहेगा. आगरा में दिन का तापमान 45 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. 14 जून के बाद ही मौसम में बदलाव की संभावना है.

उधर, प्रयागराज में न्यूनतम तापमान में 3.9 डिग्री उछाल से अब रात में भी बेचैनी बढ़ गई है. मंगलवार को भी लू चली. सोमवार को अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रविवार का न्यूनतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है. न्यूनतम तापमान बढ़ने और अधिकतम तापमान स्थिर रहने से हीट वेव का प्रभाव तेज हो गया है. मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है.
हालांकि 11 जून के बाद गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. सोमवार को सुबह दस बजे से ही गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया. आंशिक बादल छाए रहने से उमस बढ़ गयी. जैसे-जैसे दिन चढ़ा सूरज के तेवर और तल्ख होते चले गए। पंखे, कूलर बेअसर साबित हुए. एसी भी अच्छी तरीके से काम नहीं कर रहे थे. बहुत जरूरी काम होने पर ही दोपहर में लोग घरों से निकले.
कानपुर में कहर बरपा रही गर्मी सीएसए के मुताबिक सोमवार को कानपुर में दिन का पारा 43 डिग्री रहा जो सीजन का सर्वाधिक है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि मंगलवार को भी हीट वेव से राहत नहीं मिलेगी. तापमान अधिक रहेगा. वातावरण में नमी से कभी तपिश परेशान करेगी तो कभी उमस. मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी सुपर हीट वेव रहेगी. प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्र के 19 जिलों के लिए सुपर हीट वेव का अलर्ट जारी किया था. सोमवार को यहां आग बरसी और लू चली। सूरज के तेवर सुबह से ही तल्ख रहे.
















Leave a Reply