मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर कार ट्रक में घुसी: पिता, दो बेटों समेत 6 की मौत, दो सगे भाइयों की भी मौत

Spread the love

मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा हो गया। तेज रफ्तार इको कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई. हादसे में पिता, दो बेटों समेत 6 की मौत हो गई  जबकि पत्नी, बेटी गंभीर हैं. कार सवार दिल्ली से आगरा जा थे। हादसा बलदेव थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के 3 बजे हुआ. 

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. कार का अगला हिस्सा पिचक गया. काफी देर तक घायल कार में ही फंसे रहे, फिर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने कार को गैस कटर से काटकर सभी को बाहर निकला.

हादसे के बाद की तस्वीरें भी सामने आई हैं. इसमें लाशें और घायल सड़क पर पड़े हैं. घायल तड़प रहे हैं. एक युवक शव आगे की सीट पर फंसा दिख रहा. उसके दोनों हाथ बोनट पर हैं.

मृतकों में दो परिवारों के लोग हैं. जबकि एक शव की शिनाख्त नहीं हुई. एक परिवार आगरा जबकि दूसरा परिवार मध्यप्रदेश के मुरैना का रहने वाला है. आगरा के हरलालपुरा निवासी धर्मवीर, उनके दो बेटे रोहित और आर्यन की मौत हो गई  जबकि धर्मवीर की पत्नी सोनी और बेटी पायल की हालत गंभीर है.

मुरैना जिले के बढ़पुरा हुसैन गांव के दो सगे भाई दलवीर उर्फ छुल्ले और पारस तोमर की भी जान गई है. पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है.

SSP बोले- झपकी आने से हुआ हादसा: मथुरा SSP श्लोक कुमार ने बताया- शुरुआती जांच में पता चला है कि इको कार चालक को झपकी आने से हादसा हुआ. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है. मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. इको कार दिल्ली से आगरा जा रही थी. कार में 9 लोग सवार थे. 6 की मौत हो गई। घायल को आगरा रेफर किया गया है. कार किसकी थी, इसका पता किया जा रहा है.

सीएम योगी ने भी हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज कराने को कहा है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *