बिजली मंत्री एके शर्मा के कार्यक्रम में 10 मिनट लाइट कटी, कैंची पकड़े अंधेरे में खड़े रहे; 5 अफसर सस्पेंड

Spread the love

मुरादाबाद में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के कार्यक्रम में 10 मिनट के लिए लाइट कट गई. बिजली गुल होने से मंत्री का पारा चढ़ गया. उन्होंने बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर समेत 5 अफसरों को सस्पेंड कर दिया. यही नहीं, सूत्रों के मुताबिक, मंत्री ने अफसरों को चेताया कि भविष्य में कतई ना हो. 

दरअसल, हुआ यूं कि नगर निगम ने कंपनी बाग में 5D मोशन थिएटर बनवाया है. रविवार रात को मंत्री एके शर्मा इसका इनॉगरेशन करने के लिए पहुंचे. उन्होंने जैसे फीता काटने के लिए कैंची उठाई, वैसे ही अचानक लाइट कट गई. एकाएक चारों तरफ अंधेरा छा गया। मंत्री हाथ में कैंची पकड़े खड़े रहे.

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि इसी दौरान कुछ नेताओं ने यूपी की बिजली व्यवस्था पर कमेंट कर दिया. इस पर मंत्री नाराज हो गए. उन्होंने कार्यक्रम स्थल में ही पश्विमांचल विद्युत वितरण निगम यानी PVVNL की MD ईशा दुहन को अफसरों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

इसके बाद उन्होंने चीफ इंजीनियर एके सिंघल, अधीक्षण अभियंता सुनील अग्रवाल, अधिशासी अभियंता प्रिंस गौतम, SDO राणाप्रताप और JE ललित कुमार को सस्पेंड कर दिया. 

दिनभर कार्यक्रम, शाम को इनॉगरेशन कार्यक्रम: दरअसल, रविवार को एके शर्मा मुरादाबाद पहुंचे थे। दिनभर उनकी मीटिंगों का दौर चला. इसके बाद शाम को उनके इनॉगरेशन का कार्यक्रम था। उन्होंने नगर निगम की परियोजनाओं का लोकार्पण शुरू किया. सबसे पहले कांठ रोड पर 30 फीट ऊर्जा शिव प्रतिमा का अनावरण किया. उसके बाद कंपनी बाग में 5D मोशन थिएटर का लोकार्पण करने पहुंचे थे. तभी फीता काटते वक्त बिजली चली गई.

10 मिनट बाद आ पाई लाइट: सूत्रों ने बताया कि क्योंकि मंत्री का दौरा था. इसलिए, बिजली विभाग के अफसर पहले से ही अलर्ट थे. जहां-जहां मंत्री को जाना था, वहां पहले से ही बिजली विभाग ने पूरी तैयारी करके रखी थी. अफसरों की टीम भी मॉनिटरिंग के लिए लगाई गई थी.

हालांकि, जहां 5D मोशन थिएटर का लोकार्पण करना था. वहां तकनीकी वजह से लाइट कट गई. लाइट जाते ही कार्यक्रम स्थल में अंधेरा छा गया. मंत्री के साथ बिजली विभाग के अफसरों ने तुरंत फोन करने शुरू किए  लेकिन, सारी कोशिशों के बाद भी 10 मिनट बाद लाइट आ पाई. तब तक मंत्री का मूड खराब हो चुका था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *