फतेहपुर में छात्रों से भरी स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलटी, 4 घायल; अस्पताल में भर्ती

Spread the love

रिजवान उददीन, फतेहपुर।
फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया. ग्राम हसनपुर से बच्चों को लेकर रेडिएंट वे पब्लिक स्कूल जा रही स्कूली वैन सड़क किनारे खड़ी कार से टकराकर पलट गई. इस हादसे में करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए. घायलों को तत्काल परिजन रामसनेही हॉस्पिटल, लोधीगंज लेकर पहुंचे.

खड़ी कार से टकराकर पलटी वैन: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन (नंबर UP 77 AN 5635) बिलंदा की ओर जा रही थी. शादाब मोड़ के पास सड़क किनारे खड़ी आर्टिका कार (नंबर UP 78 HA 0798) से अचानक टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के समय वैन में करीब 15 बच्चे सवार थे.

घायल बच्चों की पहचान: हादसे में घायल बच्चों में अभय सिंह पुत्र पुत्तन सिंह, कमल, कार्तिक और कृषिक शामिल हैं. सभी ग्राम हसनपुर थाना हुसैनगंज क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. डॉक्टरों ने बताया कि बच्चों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं और फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य है.

चालक हादसे के बाद फरार: स्थानीय लोगों के मुताबिक वैन चालक नशे में था. हादसा होते ही वह मौके से फरार हो गया. अचानक हुए इस हादसे के बाद बच्चों और परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पुलिस ने संभाली स्थिति: घटना की जानकारी मिलते ही थरियांव पुलिस मौके पर पहुंची और शांति व्यवस्था कायम की. पुलिस ने वैन और कार को कब्जे में ले लिया है.वहीं, फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है.

परिजनों में दहशत: हादसे के बाद घायल बच्चों के परिजन दहशत में हैं. लोगों का कहना है कि स्कूली वाहनों की नियमित जांच न होने के कारण आए दिन ऐसे हादसे होते रहते हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल वैनों की सख्ती से जांच हो और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *