भारत बंद: पटना-आरा में ट्रेनें रोकी झारखंड के गिरिडीह में चक्का जाम, जयपुर में भी असर

Spread the love

सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनुसूचित जाति (SC) व जनजाति (ST) आरक्षण में क्रीमीलेयर पर दिए गए फैसले के खिलाफ आज कई संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया है. इसके अलावा बसपा और आरजेडी जैसी पार्टियों ने भी बंद का समर्थन किया है. दरअसल, दलित और आदिवासी संगठनों ने हाशिए पर पड़े समुदायों के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व और सुरक्षा की मांग को लेकर ये बंद बुलाया है. दलित और आदिवासी संगठनों के राष्ट्रीय परिसंघ (NACDAOR) ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए न्याय और समानता सहित मांगों की एक लिस्ट जारी की है.

जहानाबाद में भारत बंद पर सड़कों पर उतरे समर्थक

बिहार के जहानाबाद में भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है. सड़कों पर समर्थक जुटे हुए हैं. भारत बंद समर्थकों ने एनएच-83 को ब्लॉक कर दिया है.

भोजपुर में मैसूर रानी कमलापति सहरसा ट्रेन को रोककर प्रदर्शन

बिहार के भोजपुर में भारत बंद के समर्थन में विभिन्न दलों के नेताओं ने आरा रेलवे स्टेशन पर चक्का जाम किया. मैसूर रानी कमलापति सहरसा ट्रेन को रोककर प्रदर्शन किया जा रहा है. इस मौके पर आरपीएफ और जीआरपी पुलिस मौजूद है.

जयपुर में भारत बंद का दिखा असर

राजस्थान की राजधानी जयपुर में भारत बंद का असर पूरी तरह से दिखाई दे रहा है. सभी दुकानें बंद है, सड़कों पर लोग नहीं निकल रहे हैं. जयपुर सहित सूबे के 13 जिलों में स्कूल कॉलेज और कोचिंग बंद है. भरतपुर और दौसा जिले में इंटरनेट भी बंद कर दिया गया है. दवाइयां, दूध और मेडिकल से संबंधित जरूरी सेवाओं को बंद से दूर रखा गया है.

भारत बंद को सपा का समर्थन

सुप्रीम कोर्ट के कोटा के भीतर कोटा फैसले के खिलाफ भारत बंद का समाजवादी पार्टी ने समर्थन किया है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आरक्षण की रक्षा के लिए जन-आंदोलन एक सकारात्मक प्रयास है. ये शोषित-वंचित के बीच चेतना का नया संचार करेगा और आरक्षण से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ के खिलाफ जन शक्ति का एक कवच साबित होगा. शांतिपूर्ण आंदोलन लोकतांत्रिक अधिकार होता है. बाबा साहब भीमराव आंबेडकर जी ने पहले ही आगाह किया था कि संविधान तभी कारगर साबित होगा, जब उसको लागू करनेवालों की मंशा सही होगी, सत्तासीन सरकारें ही जब धोखाधड़ी, घपलों-घोटालों से संविधान और संविधान द्वारा दिये गये अधिकारों के साथ खिलवाड़ करेंगी तो जनता को सड़कों पर उतरना ही होगा. जन-आंदोलन बेलगाम सरकार पर लगाम लगाते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *