UP की योगी सरकार ने IPS आलोक सिंह को यूपी लोक सेवा आयोग (UPPCS) का नया अध्यक्ष बनाया है। सरकार ने गुरुवार दोपहर इसका आदेश जारी किया। लोक सेवा आयोग के मौजूदा अध्यक्ष संजय श्रीनेत 21 नवंबर को रिटायर हो चुके हैं। आलोक सिंह नोएडा के पहले पुलिस कमिश्नर रहे हैं.
1995 बैच के IPS आलोक सिंह PAC फोर्स के महानिदेशक हैं। यूपी स्पेशल पुलिस के डीजी का कार्यभार भी उनके पास है। आलोक सिंह का रिटायरमेंट जनवरी-2027 में है।
हालांकि, वह रिटायरमेंट के बाद भी यानी 2 साल तक आयोग के अध्यक्ष पद पर रहेंगे। आलोक सिंह के ऐलान के साथ ही अब प्रदेश के सभी 4 भर्ती बोर्ड की कमान IPS के हाथों में आ गई है।
प्रदेश में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कमान पूर्व डीजीपी सत्यनारायण साबत, यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग में पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार और पुलिस भर्ती-प्रोन्नति बोर्ड की कमान डीजीपी एसबी शिरडकर के हाथ में पहले से ही है।
हर साल 15-20 हजार भर्तियां करता है लोक सेवा आयोग: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) एक साल में करीब 15 से 20 हजार भर्तियां करता है। पीसीएस, पीसीएस-ज्यूडिशियल जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा की जिम्मेदारी भी आयोग के पास रहती है। इसके अलावा, आरओ, एआरओ, तहसीलदार, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नायब तहसीलदार, एआरटीओ जैसी भर्तियां भी करता है।
IPS अफसरों पर भरोसे की ये वजह: जानकार मानते हैं कि भर्ती आयोग और बोर्ड में अध्यक्ष पद पर IPS अफसरों की तैनाती का प्रयोग सफल रहा है। IPS को अध्यक्ष बनाने से पुलिस कप्तान और जिलाधिकारी मुस्तैद रहते हैं। परीक्षा में गड़बड़ी की आशंका भी कम रहती है।
इससे पहले आयोग में IAS अधिकारी तैनात होते रहे हैं, लेकिन उनका कार्यकाल अपेक्षाकृत बेहतर नहीं रहा। यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में ही पूर्व अध्यक्ष प्रवीर कुमार के कार्यकाल में कामकाज की रफ्तार बिलकुल धीमी पड़ गई थी।















Leave a Reply