आंध्र प्रदेश के कडपा जिले में दो स्कूली बच्चों की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है. दोनों स्कूली बच्चे साइकिल से जा रहे थे, इसी दौरान एक बिजली का तार उलझ गया. देखते ही देखते उनकी साइकिल में आग की लपट जैसी उठी और दोनों वहीं गिर पड़े. दोनों में से एक के शरीर में तार देर तक लिपटा रहा और उसकी दर्दनाक मौत हो गई. वहीं दूसरा बच्चा भी साइकिल से सटा हुआ ही था, लेकिन थोड़ा दूर गिरा. उसकी हालत गंभीर है और फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वीडियो में दिखता है कि दोनों बच्चों के गिरते ही लोग मदद के लिए दौड़ पड़े. किसी तरह तार को हटाकर अलग किया गया और बच्चों को लोगों ने अस्पताल में एडमिट कराया. यह घटना कडपा जिले के बेल्लामंडी इलाके में हुई है. इसके नजदीक ही इंटरनेशनल वेलफेयर मंडपम भी है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार करंट की चपेट में आने वाले बच्चों में से एक 10वीं में पढ़ता था और एक 8वीं का छात्र था. वीडियो में दिखता है कि बच्चों के गिरते ही तुरंत आग सी निकलती है और लोग उनकी ओर दौड़ पड़ते हैं.
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लोग व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कैसे गलियों में बिजली के नंगे तार पड़े हैं. इस मामले ने हर किसी को झकझोर दिया है. कई लोगों ने तो सोशल मीडिया पर यह भी लिखा कि भारत में इंसानी जान की कीमत बहुत कम हो गई है. दिल्ली से लेकर आंध्र प्रदेश तक यूं करंट की चपेट में आकर लोगों की मौत हो जा रही है. गौरतलब है कि पिछले दिनों दिल्ली में भी ऐसा एक मामला सामने आया था, जब भारी बारिश के बीच एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई थी. वह दिल्ली में रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा था.













Leave a Reply