CM योगी जापान पहुंच गए हैं. उन्होंने बुधवार को जापान की राजधानी टोक्यो में ‘यूपी इन्वेस्टमेंट रोडशो’ में हिस्सा लिया. निवेशकों से बात की. उन्हें संबोधित करते हुए यूपी में आपार संभावनाओं का जिक्र किया. उन्होंने जापानी निवेशकों को यूपी आने का न्योता दिया.
योगी ने कहा- पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत-जापान रिश्ते मजबूत हुए हैं. यूपी आबादी के लिहाज से देश का सबसे बड़ा राज्य है. जितनी बड़ी आबादी है, उतनी बड़ी चुनौतियां हैं, उतनी ही ज्यादा संभावनाएं हैं. इन संभावनाओं को जमीन पर उतारने के लिए हम 9 साल से काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा- भारत में सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाले राज्य के तौर पर यूपी ने खुद को स्थापित किया है. यूपी ने अपनी अर्थव्यवस्था को तीन गुना, प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने में सफलता पाई है.

भारत की इकोनॉमी में कभी यूपी एक बीमारू राज्य माना जाता था, आज यह भारत की इकोनॉमी का इंजन बनकर खड़ा है. योगी ने कहा- आइए, आप सभी यूपी के सुरक्षित माहौल में निवेश करिए, अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के सपने को पूरा करिए. हम और हमारी सरकार आपका हमारे प्रदेश में स्वागत करने के लिए तैयार हैं.

योगी को एक पेंटिंग गिफ्ट की। इसमें योगी और भगवान राम की तस्वीर बनी हुई है.
योगी के संबोधन की बड़ी बातें-
1. भगवान राम और बुद्ध का जिक्र कर बात शुरू की: योगी ने कहा- लैंड ऑफ सनराइज को नमन करता हूं. भारत और जापान का संबंध सूर्य की पहली किरण से शुरू होता है और सूर्यवंश की राजधानी यूपी को एक आत्मीय संवाद के साथ जोड़ता है. उसे ही आगे बढ़ाने के लिए आपके बीच आया हूं. पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आज जिन ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है, उसे आगे बढ़ाने आया हूं. भारत और जापान के द्विपक्षीय संबंध और मजबूत हो सकें, इसमें यूपी की भूमिका को बताने के लिए आपके बीच आया हूं.
उन्होंने कहा- यूपी राम की पावन जन्मस्थली है। इसके साथ ही भगवान बुद्ध की पावन धरा है. उनका राज्य कपिलवस्तु यूपी में है. उन्होंने पहला उपदेश जिस पावन धरा पर दिया, वह सारनाथ यूपी में है. चर्तुमास वाला श्रावस्ती यूपी में है. परिनिर्वाण वाला कुशीनगर भी यूपी में है. आज यूपी में स्पिरिचुअल टूरिज्म को आगे बढ़ाने के लिए रामायण और बौद्ध सर्किट के काम को आगे बढ़ाया जा रहा है. जब भगवान राम और बुद्ध की बात होगी, तो इन दोनों का संबंध सूर्यवंश की उस महान परंपरा से जोड़ा जाएगा, जिस सूर्य की पहली किरण का इंतजार हमेशा जापानवासियों को होता है.

2-यूपी की 25 करोड़ की आबादी में 56% लोग वर्किंग: उन्होंने कहा- आबादी बड़ी है, लेकिन यूपी की भूमि उतनी ही उर्वरा भी है. भारत की कृषि योग्य भूमि का 11% ही यूपी में है, लेकिन भारत के खाद्यान्न का 21% उत्पादन यूपी करता है. यूपी भारत का फूड बास्केट बनकर उभरा है. यूपी के अंदर इस फील्ड में वैल्यू एडिशन की संभावनाएं हैं। बीज से लेकर बाजार तक, पैकेजिंग के लिए नए-नए काम किए जा सकते हैं. लॉजिस्टिक और वेयर हाउसिंग की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है. भारत के अंदर सबसे अधिक जल संसाधन वाला राज्य भी यूपी है. इसका उपयोग कृषि और ग्रीन हाइड्रोजन के निर्माण में कर सकते हैं.
3-यूपी में निवेश की बहुत संभावनाएं: योगी ने कहा- यूपी में निवेश की बहुत संभावनाएं हैं. जापान की कई कंपनियों ने यूपी में निवेश किया है. जिन्होंने भी यूपी में निवेश किया, उन्हें यूपी के एक सुरक्षित माहौल में अपना निवेश न सिर्फ सुरक्षित महसूस हुआ है, बल्कि वो उज्जवल भविष्य की एक नई कामना के साथ अपने बिजनेस को बढ़ाने का काम कर रहे हैं. हमारे पास 34 से ज्यादा सेक्टरल पॉलिसिज हैं. 55% मोबाइल बनाने का काम सिर्फ यूपी में हो रहा है. इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60% मैन्युफैक्चर यूपी में होता है. डाटा सेंटर बनाने का प्रस्ताव मिले हैं. हाल ही में सेमी कंडक्टर यूनिट का शिलान्यास किया गया. इन सभी सेक्टर की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए और आपके सहयोग के लिए हम यहां आए हैं.
4-यूपी में स्केल को स्किल बदलने का सामर्थ्य: उन्होंने कहा- यूपी में एक सुरक्षित माहौल है, स्केल है, उस स्केल को स्किल बदलने का सामर्थ्य है. स्टेबिलिटी है, स्पीड है, ये सभी कुछ आपको यूपी में देखने को मिलेगा. पर्याप्त मात्रा में यंग वर्कफोर्स आपको मिलेगा. कोई समस्या नहीं है. इंडस्ट्रियल पार्क के लिए फोरलेन कनेक्टिविटी, पर्याप्त मात्रा में ऊर्जा आपूर्ति, यूपी में आज के दिन पर उपलब्ध कराई जा रही है. 75 हजार एकड़ का लैंडबैंक है. NCR, एक्सप्रेस-वे के साथ ही बुदेलखंड में भी झांसी के पास 56 हजार एकड़ में नई इंडस्ट्रियल सिटी बीडा के नाम पर शुरू हुआ है.
5. देश-दुनिया के निवेशकों से 40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले: योगी ने कहा- बेहतर कानून व्यवस्था का परिणाम है कि 2023 में ग्लोबलल इंवेस्टर समिट किया था. इसमें यूपी को देश-दुनिया के निवेशकों से 40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले थे. 15 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव जमीन पर उतर गए हैं. 7 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव पाइपलाइन में हैं. ग्राउंडब्रेकिंग समारोह में इसे भी जमीनी स्तर पर उतारेंगे. MSME का सबसे बड़ा आधार है यूपी के पास है. 96 हजार यूनिट है. 3 करोड़ से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं. 1 हजार दिनों तक हर NOC से मुक्त रखा गया है. सरकार हर स्तर पर उनका सहयोग कर रही है.















Leave a Reply